तेजस्वी यादव ने भरा नामांकन परचा, माता पिता रहे साथ

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

तेजस्वी यादव ने भरा नामांकन परचा, माता पिता रहे साथ

आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने अपने नामांकन में अपनी संपत्ति का खुलासा किया है। उन्होंने अपनी पत्नी की संपत्ति को लेकर भी जानकारी दी है।

राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता तेजस्वी यादव के पास करीब 8.1 करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्ति है। यह जानकारी उनके नामांकन पत्र के साथ दाखिल शपथपत्र में दी गई है। तेजस्वी यादव ने बुधवार को बिहार के राघोपुर विधानसभा क्षेत्र से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। शपथपत्र के अनुसार, तेजस्वी यादव की पत्नी राजश्री उर्फ रैचेल आयरिस गोडिन्हो के पास 1.88 करोड़ रुपये की संपत्ति है। राघोपुर विधानसभा क्षेत्र में पहले चरण में छह नवंबर को मतदान होगा। तेजस्वी यादव वर्तमान में इसी सीट से विधायक हैं। उन्होंने पहली बार 2015 में इस सीट से जीत हासिल की थी।

तेजस्वी यादव और उनकी पत्नी के पास कितनी संपत्ति

शपथपत्र के मुताबिक, तेजस्वी यादव के पास 6.12 करोड़ रुपए की चल संपत्ति और 1.88 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति है। उनकी पत्नी राजश्री के पास 59.69 लाख रुपए मूल्य की अचल संपत्ति है। तेजस्वी के पास 1.5 लाख रुपए नकद हैं, जबकि उनकी पत्नी के पास एक लाख रुपए नकद हैं।

तेजस्वी यादव के पास 55 लाख कर्ज

आरजेडी नेता के नाम पर कई बैंक खाते हैं और उन पर 55.55 लाख रुपए की देनदारी (कर्ज) है। ये देनदारियां उनके भाई तेज प्रताप यादव और मां राबड़ी देवी के साथ लिए गए संयुक्त ऋणों का हिस्सा हैं।तेजस्वी यादव से संबंधित कुल सरकारी बकाया 1.35 करोड़ रुपए बताया गया है। उनकी पत्नी के पास कई बैंक खाते हैं, लेकिन कोई देनदारी या सरकारी बकाया नहीं है।

तेजस्वी के पास 200 ग्राम गोल्ड

तेजस्वी ने शपथपत्र में खुलासा किया कि उनके पास 200 ग्राम सोना है, जबकि उनकी पत्नी के पास 480 ग्राम सोना और दो किलोग्राम चांदी है। तेजस्वी यादव राघोपुर सीट से लगातार तीसरी बार चुनाव मैदान में हैं और इस बार वह हैट्रिक लगाने की कोशिश कर रहे हैं।

बता दें कि बिहार में दो चरणों में छह नवंबर और 11 नवंबर को विधानसभा चुनाव होंगे। मतगणना 14 नवंबर को होगी। आरजेडी इंडिया गठबंधन का हिस्सा है, जो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जनता दल (यूनाइटेड) के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के खिलाफ चुनाव लड़ रहा है।

Red Max Media
Author: Red Max Media

Comments are closed.

और पढ़ें