
अमेरिकी सिंगर मैरी मिलबेन ने राहुल गांधी पर निशाना साधा है। पीएम मोदी पर टिप्पणी को लेकर सिंगर मिलबेन ने राहुल गांधी को जमकर सुनाया है। मिलबेन ने क्या कहा है चलिए जानते हैं।
अमेरिकी सिंगर मैरी मिलबेन ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को जमकर फटकार लगाई है। मिलबेन ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से नहीं डरते हैं। पीएम मोदी दूरगामी सोच को समझते हैं। मिलबेन ने राहुल गांधी के उस बयान पर टिप्पणी की है जिसमें उन्होंने कहा था कि पीएम मोदी ट्रंप से डरते हैं और बार-बार उपेक्षा के बावजूद उन्हें बधाई देते हैं।
मैरी मिलबेन ने क्या कहा?
मैरी मिलबेन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’पर पोस्ट करते कहा, ”आप गलत हैं राहुल गांधी, पीएम मोदी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से नहीं डरते हैं। प्रधानमंत्री मोदी दीर्घकालिक रणनीति को समझते हैं और अमेरिका के साथ उनकी कूटनीति रणनीति है। जिस तरह से डोनाल्ड ट्रंप हमेशा अमेरिका के हितों को सर्वोपरि रखते हैं, उसी तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी वही कर रहे जो भारत के लिए सबसे अच्छा होगा और मैं इसकी सराहना करती हूं। राष्ट्राध्यक्ष यही करते हैं। वो वही करते और कहते हैं जो उनके देश के लिए सबसे अच्छा होता है।
‘आई हेट इंडिया’ से वापस लौट जाएं
अमेरिकी सिंगर मैरी मिलबेन ने आगे कहा, ”मैं आपसे इस तरह से नेतृत्व को समझने की उम्मीद नहीं करती, क्योंकि आपमें भारत के प्रधानमंत्री बनने की कुशाग्र बुद्धि नहीं है। बेहतर होगा कि आप अपने ‘आई हेट इंडिया’ टूर से वापस लौट जाएं, जिसके दर्शक सिर्फ आप ही हैं।
राहुल गांधी ने क्या कहा था?
बता दें कि, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से डरते हैं। उन्होंने इसके लिए उन्होंने 5 उदाहरण भी दिए थे। राहुल गांधी ने कहा था…
- पीएम मोदी बार-बार उपेक्षा के बावजूद डोनाल्ड ट्रंप को बधाई संदेश भेजते रहते हैं।
- ट्रंप को यह निर्णय लेने और घोषणा करने का अवसर देते हैं कि भारत रूसी तेल नहीं खरीदेगा।
- वित्त मंत्री की अमेरिका यात्रा रद्द कर दी गई।
- शर्म अल शेख में गाजा शांति समझौते को छोड़ देना।
- ऑपरेशन सिंदूर पर उनके बयान का विरोध नहीं करना।
अमेरिकी सिंगर मैरी मिलबेन के बारे में जानें
बता दें कि, साल 2023 में प्रधानमंत्री नरेंद्र पीएम मोदी अमेरिकी यात्रा पर गए थे। इसी यात्रा के दौरान एक खास कार्यक्रम में अमेरिकी पॉप सिंगर मैरी मिलबेन ने पीएम मोदी के पैर छू लिए और उनसे आशीर्वाद मांगा। इससे पहले मैरी ने भारत के राष्ट्रगान जन गण मन भी पीएम मोदी के कार्यक्रम में गाया था। मैरी मिलबेन पीएम मोदी की बड़ी प्रशंसक हैं और कई मौकों पर उनकी तारीफ भी है।








