
पंजाब की तरनतारन सीट पर उपचुनाव के लिए 15 उम्मीदवार मैदान में हैं। यहां पर आम के विधायक के निधन के बाद अब उपचुनाव कराया जा रहा है।
पंजाब की तरनतारन विधानसभा सीट पर उपचुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। यहां पर चुनाव से पहले प्रत्याशियों का नामांकन भी पूरा हो गया है। वहीं नामांकन वापसी के आखिरी दिन तरनतारन सीट पर कुल 15 उम्मीदवार मैदान में बचे हैं। बता दें कि इस सीट पर 11 नवंबर को उपचुनाव के लिए मतदान होना है। यह जानकारी अधिकारियों ने शुक्रवार को दी।
पांच उम्मीदवारों ने वापस लिया नाम
पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के प्रवक्ता ने उम्मीदवारों के नामांकन के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पांच उम्मीदवारों- हरपाल सिंह, निर्मल कौर, गुरमीत कौर, सारिका जोरहा और हरप्रीत सिंह ने अपने नामांकन पत्र वापस ले लिए। प्रवक्ता ने आगे बताया कि नामांकन पत्रों की जांच के बाद 20 नामांकन वैध पाए गए। अब पांच नामांकन वापस लेने के बाद चुनाव मैदान में कुल 15 उम्मीदवार बचे हैं।
चुनावी मैदान में 15 उम्मीदवार
पांच उम्मीदवारों के द्वारा नामांकन वापस लेने के बाद अब 15 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। इनमें सुखविंदर कौर (शिरोमणि अकाली दल), हरजीत सिंह संधू (भाजपा), हरमीत सिंह संधू (आप) और करणबीर सिंह (कांग्रेस) प्रमुख हैं। शिवसेना (टकसाली) नेता की हत्या के एक आरोपी के भाई मनदीप सिंह खालसा निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। मनदीप को जेल में बंद सांसद अमृतपाल सिंह के नेतृत्व वाले अकाली दल (वारिस पंजाब दे), ज्ञानी हरप्रीत सिंह के नेतृत्व वाले शिरोमणि अकाली दल, शिअद (अमृतसर) और अन्य सिख संगठनों का समर्थन प्राप्त है।
आप विधायक के निधन के बाद हो रहा उपचुनाव
बता दें कि आम आदमी पार्टी के विधायक कश्मीर सिंह सोहल के जून में निधन के बाद तरनतारन विधानसभा सीट खाली हो गई थी। कश्मीर सिंह सोहल तीन साल से अधिक समय से कैंसर से पीड़ित थे। उनका निधन 66 वर्ष की आयु में हुआ। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपनी पार्टी के विधायक के निधन पर शोक व्यक्त किया था। बता दें कि इस सीट पर 11 नवंबर को सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा और नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।








