
फिलीपींस के पूर्व राष्ट्रपति रोड्रिगो दुर्तेते को गिरफ्तार कर लिया गया है। दुर्तेते की गिरफ्तारी मानवता के खिलाफ अपराध के एक मामले के सिलसिले में की गई है। अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय (ICC) ने पूर्व राष्ट्रपति रोड्रिगो दुर्तेते को गिरफ्तार करने का आदेश दिया जिसके बाद फिलीपींस की पुलिस ने मंगलवार को मनीला के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पूर्व राष्ट्रपति रोड्रिगो दुर्तेते को गिरफ्तार कर लिया।
ICC ने जारी किया है वारंट
फिलीपींस की सरकार ने पूर्व राष्ट्रपति रोड्रिगो दुर्तेते को गिरफ्तार किए जाने के मामले के बारे में जानकारी दी है। अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय ने दुर्तेते के खिलाफ वारंट जारी किया था। इसी के बाद उनकी गिरफ्तारी की गई है। आपको बता दें कि अंतर्राष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय का मुख्यालय नीदरलैंड की राजधानी हेग में है। इस न्यायालय का उद्घाटन साल 2002 में हुआ था। अंतर्राष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय के पास कुछ परिस्थितियों में नरसंहार, मानवता के विरुद्ध अपराध, युद्ध अपराध जैसे मामलों में व्यक्तियों की जांच करने और उन पर केस चलाने की ताकत होती है। हालांकि, दुर्तेते ने साल 2019 में फिलीपींस को रोम अधिनियम से अलग कर लिया था।
कैसे फंस गए दुर्तेते?
दुर्तेते के प्रशासन ने साल 2021 के आखिर में वैश्विक न्यायालय की जांच को निलंबित करने का प्रस्ताव रखा था। प्रशासन ने दलील दी थी कि उनके देश के अधिकारी पहले से आरोपों की जांच कर रहे हैं। दुर्तेते के प्रशासन ने कहा था कि ये मामला अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता है। हालांकि, साल 2023 के जुलाई महीने में न्यायालय ने दुर्तेते प्रशासन की आपत्ति को खारिज कर दिया और फैसला दिया था कि जांच फिर से शुरू हो सकती है।
फिलीपींस की सरकार ने क्या बताया?
फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस के कार्यालय की ओर से इस बारे में बयान जारी किया गया है। बताया गया है कि दुर्तेते को हांगकांग से आने के बाद गिरफ्तार किया गया और पुलिस ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय के आदेश पर हिरासत में लिया। बता दें कि अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ पूर्व राष्ट्रपति की कार्रवाई के तहत हुई बड़े पैमाने पर हत्याओं की जांच कर रहा है। न्यायालय ने एक नवंबर, 2011 से 16 मार्च, 2019 तक दुर्तेते के कार्यकाल में नशे के खिलाफ की गई कार्रवाई के तहत हुई हत्याओं की जांच शुरू की थी। इस घटना के वक्त दुर्तेते दक्षिणी शहर दावो के मेयर थे। इस मामले को मानवता के खिलाफ संभावित अपराध माना गया था।
राष्ट्रपति और पूर्व राष्ट्रपति में विवाद
फिलीपींस के वर्तमान राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस 2022 में पद पर बैठे थे। उनका पूर्व राष्ट्रपति दुर्तेते के साथ तीखा राजनीतिक विवाद रहा है। राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस ने दोबारा वैश्विक न्यायालय में शामिल नहीं होने का फैसला किया है। हालांकि, उनके प्रशासन ने कहा है कि अगर अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय, अंतरराष्ट्रीय पुलिस से रेड नोटिस के माध्यम से दुर्तेते को हिरासत में लेने के लिए कहता है, तो वह इसमें सहयोग करेंगे।








