मोगा में शिवसेना के जिलाध्यक्ष की हत्या

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मोगा में शिवसेना के जिलाध्यक्ष की गोली मारकर हत्या

पंजाब के मोगा में शिवसेना जिलाध्यक्ष की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। इस घटना में एक नाबालिग को भी चोट लगी है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पंजाब के मोगा में शिवसेना समूह के एक जिला अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वहीं इस हमले में एक नाबालिग घायल हो गया। पुलिस ने शुक्रवार को घटना के बारे में जानकारी दी। पूरा मामला गुरुवार रात का बताया जा रहा है। संगठन की जिला इकाई के अध्यक्ष मंगत राय मंगा दूध खरीद रहे थे। पुलिस ने बताया कि इसी दौरान तीन अज्ञात लोगों ने रात करीब 10 बजे उन पर गोली चलाई, लेकिन गोली मंगा की जगह 12 वर्षीय एक लड़के को जा लगी। इसके बाद मंगा तुरंत ही दोपहिया वाहन पर सवार होकर वहां से भाग गए, लेकिन हमलावरों ने उनका पीछा किया।

बदमाशों ने पीछा करके की फायरिंग

पुलिस ने बताया कि पीछा करते समय हमलावरों ने मंगा पर दोबारा गोली चलाई और इस बार गोली मंगा को जा लगी। इसके बाद हमलावर मौके से भाग गए। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मंगा को पुलिस अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि घायल किशोर को पहले मोगा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया और बाद में दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया। पुलिस ने बताया कि वे इस बात की पुष्टि कर रहे हैं कि मंगा किस शिवसेना संगठन से जुड़े थे।

बेटी ने की न्याय की मांग

वहीं दक्षिणपंथी समूह विश्व हिंदू शक्ति के राष्ट्रीय अध्यक्ष जोगिंदर शर्मा ने कहा, ‘‘हमें पता चला कि कुछ बदमाशों ने मंगा की गोली मारकर हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही हम अस्पताल पहुंचे।’’ मंगा की बेटी ने बताया कि उनके पिता गुरुवार रात लगभग आठ बजे दूध लेने के लिए घर से निकले थे। उन्होंने कहा, ‘‘रात 11 बजे किसी ने हमें बताया कि मेरे पिता की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। हम न्याय चाहते हैं और इसके लिए हमें जो भी करना पड़े करेंगे।’’

एक दिन में दो घटनाएं

पुलिस उपाधीक्षक (सिटी) रविंदर सिंह ने बताया कि गुरुवार रात दो जगहों पर गोलीबारी हुई। उन्होंने कहा, ‘‘बगियाना बस्ती में एक सैलून मालिक घायल हो गया। दूसरी घटना में स्टेडियम रोड पर मंगत राय मंगा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बदमाशों की गोलीबारी में एक नाबालिग घायल हो गया। मंगा के शव को सरकारी अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।’’

Red Max Media
Author: Red Max Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें