
भारतीय फुटबॉल टीम ने सुनील छेत्री की वापसी का जश्न जीत के साथ मनाया। सुनील छेत्री ने 9 महीने बाद संन्यास से वापसी की और भारत की जीत में एक गोल दागा। भारत ने अंतरराष्ट्रीय फ्रेंडली मैच में मालदीव्स को एकतरफा अंदाज में 3-0 से पटका। भारत की तरफ से तीनों गोल हेडर के जरिये आए। यह भारत की 489 दिनों के बाद पहली जीत रही।\
भारत ने सुनील छेत्री की वापसी का जश्न जीत के साथ मनाया। छेत्री ने संन्यास के 9 महीने बाद मैदान पर वापसी की। उन्होंने अपना आखिरी मुकाबला कुवैत के खिलाफ कोलकाता में फीफा वर्ल्ड कप क्वालीफायर का खेला था। छेत्री के नेतृत्व में भारत ने 13 मैचों में पहली बार जीत दर्ज की। छेत्री ने वापसी पर जोरदार प्रदर्शन किया और मैच के 77वें मिनट में गोल दागा।
मालदीव्स पर 15वीं जीत
बता दें कि भारत और मालदीव्स के बीच यह मुकाबला ऐतिहासिक था। ऐसा इसलिए क्योंकि शिलांग के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम पर भारतीय टीम पहली बार मैच खेल रही थी। भारत ने मालदीव्स पर 17 मैचों में 15वीं जीत दर्ज की।
भारत के लिए मालदीव्स पर जीत काफी विश्वास भरी रही क्योंकि उसे अब 2027 एएफसी एशियाई कप क्वालीफायर में बांग्लादेश के खिलाफ अपना उद्घाटन मैच खेलना है। भारत और बांग्लादेश के बीच मुकाबला भी शिलांग में खेला जाएगा।
भेके ने खोला खाता
बता दें कि भारत ने ज्यादातर समय गेंद पर कब्जा जमाए रखा। शुरूआत से ही सुनील छेत्री के नेतृत्व वाली भारतीय टीम मालदीव्स पर हावी रही। पहले हाफ में भारत को गोल करने के कई मौके मिले, लेकिन 35वें मिनट में उसे पहली बार सफलता मिली जब ब्रेंडन के पास पर भेके ने हेडर के जरिये गोल दागा। इस तरह भारत ने 1-0 की बढ़त बनाई। पहले हाफ की समाप्ति पर भारत ने 1-0 से बढ़त अपने पास रखी।
भारत की एकतरफा जीत
भारत ने दूसरे हाफ में भी अपना दबदबा कायम रखा और गोल करने के कई मौके बनाए। हालांकि, 66वें मिनट में ब्ल्यू टाइगर्स को सफलता मिली, जब महेश के पास पर लिस्टन ने हेडर के जरिये गोल दागा। लिस्टन कोलाको ने भारत के लिए अपना पहला गोल दागा और टीम की बढ़त 2-0 की।
छेत्री की कहानी जारी
मैच में 11 मिनट गुजरे थे कि शिलांग सहित भारत में जश्न का माहौल बन गया। 77वें मिनट में सुनील छेत्री ने लिस्टन के पास पर हेडर के जरिये गोल दागा। यह सुनील छेत्री का भारतीय जर्सी में 95वां गोल रहा। स्टेडियम में छेत्री के नाम की गूंज उठी। सुनील छेत्री ने वापसी का जश्न गोल के साथ मनाया और उनके गोल दागने की कहानी जारी रही।
निर्धारित समय पर जब रेफरी ने व्हसिल बजाई तो स्टेडियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। भारत ने एकतरफा अंदाज में मालदीव्स को 3-0 से मात दी। मालदीव्स के खिलाड़ियों को मैच में गोल करने का एक भी मौका नहीं मिला।








