
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता मंगलवार को विधानसभा में अपनी सरकार का पहला बजट पेश कर रही हैं। उन्होंने आज के दिन को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह कोई साधारण बजट नहीं है। आइए जानते हैं सीएम ने बजट में दिल्ली वालों के लिए क्या एलान किए…
Delhi Budget : राज्य अतिथि गृह बनाया जाएगा
बजट में राज्य अतिथि गृह बनाए जाने की भी घोषणा की गई है। अपने बजट भाषण के अंत में सीएम रेखा गुप्ता ने कहा, दिल्ली अब केवल राजनीति की ही नहीं, प्रगति की राजधानी भी बनेगी।
Delhi Budget : तिहाड़ जेल की नई इमारत बनेगी
दिल्ली सरकार ने अपने बजट में दिल्ली की जेलों को भी प्राथमिकता दी है। सीएम ने बजट भाषण में कहा, जेल के कैदियों के बने सामानों को सरकार प्रोत्साहित करेगी। तिहाड़ जेल की इमारत को नया बनाया जाएगा। दिल्ली की योजनाओं का लाभ दिल्ली के लोगों मिल सकेगा।
Delhi Budget : फायर ब्रिगेड की छोटी गाड़ियां लाई जाएंगी
दिल्ली सीएम ने बताया कि आग बुझाने के लिए छोटी-छोटी गाड़ियां लाई जाएंगी, अग्निशमन मुख्यालय की दशा सुधारी जाएगी। वहीं दिल्ली में होमगार्ड की संख्या 10,000 है, जिसे बढ़ाकर 25,000 किया जाएगा।
Delhi : नए कोर्टरूम के लिए 490 करोड़ का प्रावधान
दिल्ली सीएम ने कहा कि नगर निगम को उनका पूरा बजट दिया जाएगा। साथ ही नए कोर्ट रूम बनाने के लिए 490 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
Delhi Budget : कमांड एंड कंट्रोल रूम बनाने के लिए 20 करोड़ का प्रावधान
जिला परियोजना निधि के लिए 53 करोड़ का बजट में प्रावधान किया गया है, वहीं दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता ने कहा है कि जिला उपयुक्त कार्यालय को मजबूत किया जाएगा। वहीं कमांड एंड कंट्रोल रूम बनाने के लिए 20 करोड़ का बजट का प्रावधान है।
25 Mar 20251:16:33 PM
Delhi Budget : प्रदूषण से निपटने के लिए होंगे ये इंतजाम
वायु गुणवत्ता निगरानी के लिए छह नए स्टेशन लगेंगे। जल प्रदूषण की निगरानी के लिए 32 जगह ऑनलाइन मॉनिटरिंग स्टेशन लगेंगे। एक इंटीग्रेटेड कमांड सेंटर बनाया जाएगा।
Delhi Budget 2025: पार्क एंड गार्डन सोसायटी के लिए 20 करोड़ रुपये
आपातकालीन उपायों के लिए 300 करोड़ का बजट अलग से होगा। वहीं दिल्ली पार्क एंड गार्डन सोसायटी के लिए 20 करोड़ रुपये का बजट होगा। आरडब्ल्यूए और एनजीओ पार्क गोद ले सकेंगे।
25 Mar 20251:10:04 PM
Delhi Budget: पीएम सूर्य घर योजना होगी लागू
दिल्ली सीएम ने बताया कि पीएम सूर्य घर योजना लागू होगी। पीएम सूर्य घर योजना पर काम किया जाएगा। ओवरहेड वायर (बिजली के तार) हटाए जाएंगे। इसके पायलट प्रोजेक्ट के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया जाएगा।
Delhi Budget: हरित दिल्ली-साफ हवा दिल्ली सरकार का आठवां फोकस है
दिल्ली सरकार ने हरित दिल्ली और साफ हवा को अपना आठवां फोकस रखा है। नालों की सफाई होगी, मॉडर्न मशीन खरीदी जाएंगी। ऊर्जा के क्षेत्र में दिल्ली आत्मनिर्भर होगी। 3847 करोड़ के बजट से ग्रीन और अक्षय ऊर्जा को बढ़ावा दिया जाएगा।
25 Mar 20251:04:16 PM
Delhi Budget: दिल्ली में बाढ़ का समाधान होगा
दिल्ली की सीएम ने कहा है कि यहां बाढ़ की समस्या का समाधान किया जाएगा। बाढ़ की समस्याओं को दूर करने के लिए 603 करोड़ रुपए का बजट आवंटित किया जाएगा।
Delhi Budget: दिल्ली सरकार के बजट में सार्वजनिक परिवहन है सातवां फोकस
दिल्ली सरकार के बजट का सातवां फोकस सार्वजनिक परिवहन है।
- 2026 तक दिल्ली में 5000 इलेक्ट्रिक बसें शामिल करने का लक्ष्य है
- टिकट के नाम पर भ्रष्टाचार बंद होगा, महिलाओं को बसों में टिकट नहीं लेना पड़ेगा, उन्हें एक कार्ड दिया जाएगा, जिससे वह यात्रा कर सकेंगी
Delhi Budget: गौशाला खोलने का किया एलान
नगर निगम चुनाव में आप ने सड़कों से गाय-कुत्ते हटाने की बात कही थी, लेकिन वो खुद ही हट गए। दिल्ली में चार गौशाला चल रही हैं, उन्हें पैसा नहीं मिल रहा था, उनका पैसा मिलेगा, घुम्मनहेड़ा में 40 करोड़ की लागत से मॉडर्न गौशाला खुलेगी।
Delhi Budget: ‘…जो कहा वो करके दिखाएंगे’: दिल्ली सीएम
दिल्ली की सीएम ने अपने पूरे बजट भाषण के दौरान कई शायरी व कविताओं की लाइन पढ़ीं। अपना इरादा जताते हुए उन्होंने ये भी कहा, हर संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाएंगे, चो कहा है वो करके दिखाएंगे।
Delhi Budget: दिल्ली में किसानों की बल्ले-बल्ले
दिल्ली सीएम ने एलान किया है कि यहां ग्रामीण विकास बोर्ड बनेगा। इसके साथ ही दिल्ली सरकार ने किसानों के लिए बड़ा एलान किया है। पीएम किसान सम्मान निधि के लिए 5 करोड़ का एलान किया गया है। दिल्ली में 6000 की जगह 9000 रुपए किसानों को मिलेंगे।
Delhi Budget 2025: बीआर आंबेडकर योजना के लिए 5 करोड़
दिल्ली सरकार ने बेघर लोगों को स्किल ट्रेनिंग देने के लिए 5 करोड़ के बजट का प्रावधान किया है।
Delhi Budget 2025: बुजुर्गों के लिए पेंशन बढ़ाने का एलान
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुजुर्गों के लिए पेंशन बढ़ाने का एलान किया है। वृद्धा पेंशन स्कीम में 500 रुपये की वृद्धि की गई है। इसके लिए 3227 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। इसके तहत 60 से 70 साल के बुजुर्गों को 2500 रुपये मासिक पेंशन मिलेगी। वहीं, 70 साल से ऊपर के बुजुर्गों को अब 3000 रुपये पेंशन मिलेगी।
Delhi Budget 2025 : शीशमहल भी होगा पर्यटन का हिस्सा
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली के बजट में पर्यटन, कला संस्कृति पर फोकस होगा। दिल्ली में अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव होगा। इसके लिए 30 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया। सदन में बार-बार मोदी-मोदी के नारे लग रहे हैं। सीएम ने कहा कि शीशमहल भी पर्यटन का हिस्सा होगा।
Delhi Budget 2025 : शिक्षा क्षेत्र के लिए हुए कई एलान
- दिल्ली में पीएम श्री स्कूल खुलेंगे इसके लिए 100 करोड़ रुपये का बजट
- दिल्ली के 100 स्कूलों में भाषा लैब खुलेगी, इसके लिए 21 करोड़ रुपये आवंटित
- स्कूलों में नई कंप्यूटर लैब बनेगी इसके लिए 50 करोड़ रुपये आवंटित
- स्मार्ट क्लासेस बनाने के लिए 100 करोड़ रुपये आवंटित।
- 7000 कक्षाओं को कंप्यूटराइज किया जाएगा।
- बच्चों को निशुल्क लैपटॉप दिए जाएंगे।
- नरेला में स्कूल हब बनाने के लिए 500 करोड़ रुपये आवंटित।
Delhi Budget 2025: अस्पतालों की निर्माणाधीन परियोजनाओं के लिए 1000 करोड़
दिल्ली के अस्पतालों की निर्माणाधीन परियोजनाओं के लिए 1000 करोड़ रुयये के फंट का आवंटन किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकार ने 24 अस्पतालों को बनाने का काम शुरू किया और सभी को ठप कर दिया हम कोशिश करेंगे इनमें से 10 से 13 साल का काम पूरा करें।
Delhi Budget 2025: यमुना केवल नदी नहीं, हमारी मां है- सीएम रेखा गुप्ता
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यमुना केवल नदी नहीं, हमारी सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहर, हमारी आराध्य है और हमारी मां है। अभी तक दिल्ली में झूठे वादे झूठी कसमें खाई गईं, कोई काम जनता के लिए नहीं किया गया। यमुना की सफाई हमारे घोषणा पत्र का प्रमुख अंग है और हमारी सरकार की बड़ी प्राथमिकता है।
Delhi Budget 2025 : पानी के लिए 9000 करोड़ रुपये आवंटित
दिल्ली सरकार ने पानी के लिए 9000 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। इसके अलावा पानी के लिए नए बोरवेल स्थापित किए जाएंगे। वाटर बॉडीज के लिए 50 करोड़ रुपये का प्राविधान किया गया है। रेनवाटर हार्वेस्टिंग के लिए 50 करोड़ और इमरजेंसी वाटर स्टोरेज के लिए 150 करोड़ आवंटित किए। सीएम ने कहा कि पानी की उपलब्धता के लिए पड़ोसी राज्यों से भी बात की जाएगी जबकि पिछली सरकार केवल पड़ोसी राज्य को कोसती रही।
Delhi Budget 2025 : सीवर प्लांट की मरम्मत के लिए 500 करोड़ आवंटित
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में पानी की चोरी बर्दाश्त नहीं होगी। इसके लिए इंटलीजेंट मीटर लगाए जाएंगे। एसटीपी पर कभी काम हुआ ही नहीं। यमुना साफ कैसे होगी। सीवर प्लांट की मरम्मत और विकास के लिए 500 करोड़ रुपये का प्रविधान किया गया है। नजफगढ़ ड्रेन के लिए 200 करोड़ आवंटित किए गए।
Delhi Budget 2025: दिल्ली में खत्म होगी सीवर की समस्या!
पानी की आपूर्ति में घोटाला दूर करने के लिए पानी की टैंकरों में जीपीएस सिस्टम लगाया जाएगा। सीवर समस्या दूर करने के लिए राय लेने को 10 करोड़ का बजट रखा गया। पानी की चोरी रोकने के लिए नया सिस्टम लगाने को डेढ़ सौ करोड रुपये खर्च किए जाएंगे।
Delhi Budget 2025 : दिल्ली में व्यापार करना होगा आसान
दिल्ली सरकार नई व्यापार नीति लेकर आएगी। ट्रेडर्स वेलफेयर बोर्ड गठित होगा। दिल्ली के कुटीर उद्योगों के लिए नीति लाई जाएगी। इस योजना के लिए 50 करोड़ का बजट रखा गया है। दिल्ली में ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट का आयोजन होगा, जो हर राज्य में होती है मगर दिल्ली में कभी नहीं हुई। इस समिट को हर 2 साल में किया जाएगा।
Delhi Budget 2025 : दिल्ली में खुलेंगे व्यापार और निवेश के द्वार
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में नई औद्योगिक और वेयर हाउसिंग नीति लाई जाएगी। दिल्ली में उद्योगपति व्यापारी परेशान थे, कोई भी अफसर जाकर उन्हें धमका देता था और वह परेशान होते थे, दिल्ली का उद्योग पटरी से उतर गया था दिल्ली में व्यापार और निवेश ठप हो गया था, मगर अब प्रधानमंत्री की सोच के तहत दिल्ली में व्यापार और निवेश के द्वार खुलेंगे। इस से दिल्ली में व्यापार करना आसान होगा। नई व्यापार नीति हमारी सरकार लेकर आएगी।
Delhi Budget 2025 : पांच रुपये की मिलेगी खाने की थाली
दिल्ली की भाजपा सरकार ने राजधानी में 100 जगहों पर अटल कैंटीन खोलने का एलान किया है। अटल कैंटीन के 100 करोड़ रुपये का प्राविधान किया गया है। इस कैंटीन में जरूरतमंदों को पांच रुपये में खाने की थाली मिलेगी।
Delhi Budget 2025 : दिल्ली में लगाए जाएंगे 50000 अतिरिक्त कैमरे
दिल्ली में 50000 अतिरिक्त कैमरे लगाए जाएंगे, जिससे महिला सुरक्षा को मजबूती मिलेगी। दिल्ली में सड़कों के के सुधार के लिए 3800 करोड रुपए खर्च किए जाएंगे। दिल्ली को ऐसा शहर बना बनाना है जो हर चुनौती का सामना कर सके और दुनिया में इसका नाम हो।
Delhi Budget 2025 : झुग्गी-बस्तियों के विकास के लिए डूसिब को 696 करोड़
झुग्गी-बस्तियों के विकास के लिए डूसिब को 696 करोड़ रुपये का आवंटन और प्रधानमंत्री आवास योजना को लागू किया जाएगा। इसके लिए 20 करोड़ का आवंटन किया गया है।
Delhi Budget: दिल्ली के ढांचागत विकास के लिए 1000 करोड़ आवांटित
दिल्ली के ढांचागत विकास के लिए 1000 करोड़ रुपये का बजट आवांटित किया गया है। दिल्ली की मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय सड़क परिवहन और केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय के सहयोग से दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में कनेक्टिविटी बेहतर की जाएगी।
Delhi Budget : दिल्ली में एक्सप्रेसवे होंगे, ट्रैफिक जाम से मिलेगी मुक्ति
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली के मालिक कहकर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर भी चुटकी ली। उन्होंने कहा कि दिल्ली के मालिक बीच-बीच में आ जाते हैं और कुछ बोलकर के गायब हो जाते हैं। सीएम ने कहा कि की दिल्ली अब ट्रैफिक जाम की समस्या से मुक्त पाएगी, दिल्ली में एक्सप्रेसवे होंगे और स्मार्ट निगरानी सिस्टम दिल्ली में आएगा।
Delhi Budget 2025 : दिल्ली के विकास पर अब बातें नहीं, काम होगा- CM रेखा गुप्ता
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा जो प्रस्तावित बजट एक करोड़ का हुआ है यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन से ही संभव हो पाया है और सदन में उन्हें यह बात कहने पर गर्व महसूस हो रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के ढांचागत विकास पर अब केवल बातें नहीं होंगी , काम होगा और यही दिल्ली की पहचान होगी। दिल्ली का बेहतर ढांचागत विकास होगा।
Delhi Budget 2025: महिला समृद्धि योजना के लिए 5100 करोड़ का आवंटन
दिल्ली की भाजपा सरकार ने महिला समृद्धि योजना के लिए 5100 करोड़ रुपये के बजट का आवंटन किया है। इसके अलावा मातृत्व योजना के लिए 210 करोड़ रुपये का आवंटन किया है। इस योजना में गर्भवती महिलाओं को 21000 की मदद दी जाएगी।
Delhi Budget 2025: आयुष्मान योजना के लिए 2000 करोड़ रुपये प्रस्तावित
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकार ने राजनीतिक कारणों से केंद्र की योजनाओं को दिल्ली में रोका नहीं होता तो विकास के लिए दिल्ली में धन की कोई कमी नहीं होती। आयुष्मान योजना सिर्फ इसलिए लागू नहीं की क्योंकि अरविंद केजरीवाल उसमें अपना नाम जोड़ना चाहते थे। इस योजना में हमने 2000 करोड़ रुपये प्रस्तावित करने का फैसला लिया है।
Delhi Budget : सीएम बोली- पिछली सरकार ने नहीं दिया विकास पर ध्यान
सीएम ने कहा कि पिछली सरकारों में 2023 24 का बजट सबसे अधिक था जो 77800 करोड़ का था। जबकि 2024- 25 का जो बजट आया तो वह 2800 करोड़ घटकर 76000 करोड़ का रह गया था। दिल्ली का विकास और दिल्ली में नागरिक सुविधा पूरी तरह ध्वस्त हो गई थीं, पिछली सरकार ने दिल्ली के लोगों के लिए कोई काम नहीं किया।
Delhi Budget : पहली बार 1 लाख करोड़ का बजट
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली की नई सरकार जो ऐतिहासिक जनादेश लेकर के सदन में आई है। उसे पूरा देश देखना चाहता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सदन में हमें यह बताते हुए दुख होता है कि पिछले 10 साल में दिल्ली विकास के हर पैमाने पर पिछड़ गई। इस बार का बजट 1 लाख करोड़ का होगा।
Delhi Budget: यमुना को नमन करते हुए सीएम ने शुरू की बजट पर बात
दिल्ली सीएम ने कहा कि दिल्ली की नई सरकार जो ऐतिहासिक जनादेश लेकर के सदन में आई है, कहा पूरा देश देखना चाहता है कि हमारी सरकार का बजट कैसा होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सदन में हमें यह बताते हुए दुख होता है कि पिछले 10 साल में दिल्ली विकास के हर पैमाने पर पिछड़ गई। बजट पेश करने से पहले दिल्ली विधानसभा में मोदी-मोदी के नारे लगे।
Delhi Budget 2025 : विधानसभा पहुंची मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता अपनी सरकार का पहला बजट पेश करने के लिए दिल्ली विधानसभा पहुंचीं हैं। वह कुछ देर में बजट पेश करेंगी। विधानसभा की कार्यवाही कुछ देर में ही शुरू होगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के पास वित्त विभाग है, इसलिए मुख्यमंत्री ही बजट पेश करेंगी।
Delhi Budget 2025 : सीएम रेखा गुप्ता ने की कैबिनेट बैठक
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बजट पेश करने से पहले दिल्ली सचिवालय में कैबिनेट बैठक की। इससे पहले दिल्ली की मुख्यमंत्री और सभी मंत्रियों के साथ कनॉट प्लेस हनुमान मंदिर में दर्शन किए।
Delhi Budget 2025: दिल्ली विधानसभा पहुंचे सतीश महाना
उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना दिल्ली विधानसभा में पेश होने वाले बजट 2025- 26 की प्रक्रिया देखने के लिए दिल्ली विधानसभा पहुंचे। दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना का स्वागत किया।
Delhi Budget 2025 से पहले क्या बोलीं सीएम रेखा गुप्ता?
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता आज बजट पेश होने से पहले पूजा-अर्चना करने के लिए कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर पहुंचीं। यहां समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, “बजरंग बली दिल्ली के लिए सबसे अच्छा करेंगे। दिल्ली तरक्की करेगी और राम राज्य स्थापित होगा।”
यह दिल्ली के विकास का बजट- कपिल मिश्रा
दिल्ली सरकार के आज पेश होने वाले पहले बजट पर समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा, “यह ऐतिहासिक बजट है… यह दिल्ली के विकास का बजट है।”








