रूस यूक्रेन के बीच तुर्की में फिर से हुई बैठक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रूस-यूक्रेन के बीच तुर्की में हुई बैठक।
रूस और यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडलों के बीच एक बार फिर से वार्ता शुरू हो गई है। दोनों प्रतिनिधिमंडलों के बीच सोमवार को तुर्की में वार्ता शुरू हुई।
रूस और यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडलों ने दो सप्ताह में अपनी दूसरी प्रत्यक्ष शांति वार्ता सोमवार को तुर्किये में शुरू की। हालांकि तीन साल से जारी युद्ध को समाप्त करने की दिशा में इस वार्ता में किसी भी महत्वपूर्ण प्रगति की उम्मीद कम है। अधिकारियों ने बताया कि यूक्रेनी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व रक्षा मंत्री रुस्तम उमेरोव कर रहे हैं जबकि रूसी प्रतिनिधिमंडल व्लादिमीर पुतिन के करीबी सहयोगी व्लादिमीर मेदेंस्की के नेतृत्व में बैठक में शामिल हुआ। तुर्किये के विदेश मंत्री हकन फिदान ने शहर के सिरागन पैलेस में वार्ता की अध्यक्षता की तथा शुरुआती संबोधन दिया। दोनों देशों के वरिष्ठ अधिकारियों की हालिया टिप्पणियों से संकेत मिलता है कि वे युद्ध को रोकने के लिए प्रमुख शर्तों के मामले में बहुत दूर हैं।

दोनों तरफ से हो रहे हमले

इस बीच लगभग 1,000 किलोमीटर (620 मील) के अग्रिम मोर्चे पर भीषण लड़ाई जारी रही और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के क्षेत्र पर भीतर तक हमले किए। यूक्रेन की सुरक्षा सेवा ने कहा कि रविवार को यूक्रेन के एक ड्रोन हमले में रूस के भीतर 40 से अधिक रूसी विमानों को नष्ट कर दिया गया, जबकि मॉस्को ने मिसाइलों और ड्रोन से यूक्रेन पर हमला किया। रूस के रक्षा मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि उसकी वायु सेना ने रात के दौरान आठ रूसी क्षेत्रों के साथ-साथ (कब्जाए गए यूक्रेनी) प्रायद्वीप क्रीमिया पर 162 यूक्रेनी ड्रोन को मार गिराया। यूक्रेन की वायु सेना ने कहा कि उसने रात भर में रूस द्वारा प्रक्षेपित 80 ड्रोन में से 52 को नष्ट कर दिया।

यूक्रेन पर बैलिस्टिक मिसाइल से हमला

बता दें कि उत्तरपूर्वी यूक्रेनी शहर खारकीव के मेयर ने कहा कि सोमवार की सुबह दो बैलिस्टिक मिसाइल ने शहर के एक आवासीय इलाके पर हमला किया। इसमें से एक मिसाइल एक स्कूल के पास गिरी। मेयर इहोर तेरेखोव ने एक बयान में कहा कि एक मिसाइल एक अपार्टमेंट की इमारत के पास गिरी, जबकि दूसरी स्कूल के पास एक सड़क पर गिरी। उन्होंने एक बड़े गड्ढे की तस्वीर प्रकाशित की। तेरेखोव ने लिखा, ‘‘गड्ढे के बगल में खड़े होकर, आपको एहसास होता है कि यह सब कितना भयानक हो सकता था। कुछ और मीटर, और यह इमारत से टकरा जाता। कुछ और मिनट, और कारें, बसें सड़क पर होतीं।’’

Red Max Media
Author: Red Max Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें