
रूस और यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडलों के बीच एक बार फिर से वार्ता शुरू हो गई है। दोनों प्रतिनिधिमंडलों के बीच सोमवार को तुर्की में वार्ता शुरू हुई।
दोनों तरफ से हो रहे हमले
इस बीच लगभग 1,000 किलोमीटर (620 मील) के अग्रिम मोर्चे पर भीषण लड़ाई जारी रही और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के क्षेत्र पर भीतर तक हमले किए। यूक्रेन की सुरक्षा सेवा ने कहा कि रविवार को यूक्रेन के एक ड्रोन हमले में रूस के भीतर 40 से अधिक रूसी विमानों को नष्ट कर दिया गया, जबकि मॉस्को ने मिसाइलों और ड्रोन से यूक्रेन पर हमला किया। रूस के रक्षा मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि उसकी वायु सेना ने रात के दौरान आठ रूसी क्षेत्रों के साथ-साथ (कब्जाए गए यूक्रेनी) प्रायद्वीप क्रीमिया पर 162 यूक्रेनी ड्रोन को मार गिराया। यूक्रेन की वायु सेना ने कहा कि उसने रात भर में रूस द्वारा प्रक्षेपित 80 ड्रोन में से 52 को नष्ट कर दिया।
यूक्रेन पर बैलिस्टिक मिसाइल से हमला
बता दें कि उत्तरपूर्वी यूक्रेनी शहर खारकीव के मेयर ने कहा कि सोमवार की सुबह दो बैलिस्टिक मिसाइल ने शहर के एक आवासीय इलाके पर हमला किया। इसमें से एक मिसाइल एक स्कूल के पास गिरी। मेयर इहोर तेरेखोव ने एक बयान में कहा कि एक मिसाइल एक अपार्टमेंट की इमारत के पास गिरी, जबकि दूसरी स्कूल के पास एक सड़क पर गिरी। उन्होंने एक बड़े गड्ढे की तस्वीर प्रकाशित की। तेरेखोव ने लिखा, ‘‘गड्ढे के बगल में खड़े होकर, आपको एहसास होता है कि यह सब कितना भयानक हो सकता था। कुछ और मीटर, और यह इमारत से टकरा जाता। कुछ और मिनट, और कारें, बसें सड़क पर होतीं।’’








