हिसार से चंडीगढ़ के लिए फ्लाइट सेवा शुरू

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हिसार-चंडीगढ़ के लिए हवाई सेवा शुरू |
हिसार में महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट से चंडीगढ़ के लिए हवाई सेवा शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरी झंडी दिखाकर इसका शुभारंभ किया। उन्होंने यह भी घोषणा की कि जल्द ही हिसार से जयपुर जम्मू और अहमदाबाद के लिए भी उड़ानें शुरू की जाएंगी। पहले यात्री रतन सैनी ने हवाई यात्रा को समय और लागत के लिहाज से काफी किफायती बताया।

हरियाणा के हिसार जिले में महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट से सोमवार को हिसार से चंडीगढ़ के लिए भी हवाई सेवा की शुरुआत कर दी गई। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरी झंडी दिखाकर इस सेवा का शुभारंभ किया। उन्होंने खुद भी चंडीगढ़ तक फ्लाइट में सफर किया। इसके लिए पहले ही टिकट बुक करा ली थी।

उनके साथ नागरिक उड्डयन मंत्री विपुल गोयल, कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा, राज्य मंत्री राजेश नागर, विधायक रणधीर पनिहार, विधायक विनोद भ्याणा, विधायक सावित्री जिंदल, प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली समेत अन्य नेताओं ने भी सफर किया।

 

हिसार से चंडीगढ़ करीब 252 किलोमीटर की दूरी पर है। सड़क मार्ग से चंडीगढ़ जाने में करीब पांच घंटे लगते है। ट्रेन में करीब 7 घंटे लगते है। वहीं अब हवाई मार्ग से महज एक घंटे में यात्री चंडीगढ़ पहुंच सकेंगे।

हिसार से जयपुर, जम्मू व अहमदाबाद के लिए भी शुरू होगी हवाई सेवा
मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी दिनों में चरणबद्ध तरीके से हवाई सेवाओं का विस्तार करते हुए हिसार से जयपुर, हिसार से जम्मू तथा हिसार से अहमदाबाद के लिए भी हवाई सेवाओं की शुरुआत की जाएगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह हरियाणा के लिए गर्व का दिन है, क्योंकि हिसार का यह एयरपोर्ट हरियाणा का अपना पहला हवाई अड्डा है। 

जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा के लोगों को समर्पित किया। प्रधानमंत्री का सपना है कि देश का आम नागरिक भी हवाई सेवा का उपयोग कर सके और पिछले 11 वर्षों में इस सपने को कई मायनों में धरातल पर उतारा है। 

उसी कड़ी में प्रधानमंत्री ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर हिसार से अयोध्या के लिए हवाई सेवा का झंडी दिखाकर शुभारंभ किया था। अब यहां से दूसरी हवाई सेवा की शुरुआत हुई है, जो शहीद भगत सिंह हवाई अड्डा चंडीगढ़ को जोड़ेगी। 

विपक्षी कहते थे यह एयरोड्रम है – नायब सैनी

उन्होंने कहा कि हिसार एयरपोर्ट के कारण आने वाले समय में हिसार उद्योग का भी हब बनेगा और विभिन्न प्रकार की सुविधाएं मिलेंगी। जिससे इस क्षेत्र का स्वाभाविक रूप से तेज गति से विकास होगा। मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि विपक्ष के नेता कहते थे कि महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट तो एयरोड्रम है। 

उन्होंने कहा कि पता नहीं यहां से फ्लाइट शुरू होगी या नहीं। परंतु हमारी सरकार ने अपने वायदे के अनुरूप हिसार एयरपोर्ट से हवाई सेवाओं की शुरुआत की और लगातार यहां से हवाई सेवाओं का विस्तार किया जाएगा। 

‘मेरे लिये सौभाग्य की बात है कि मैं पहला यात्री बना’

अर्बन एस्टेट-टू निवासी रतन सैनी हिसार से चंडीगढ़ फ्लाइट के पहले यात्री रहे। भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष रतन सैनी ने कहा कि हिसार से चंडीगढ़ की अब पहली फ्लाइट उड़ी। मेरा सौभाग्य रहा कि मैं इस विमान का पहला यात्री था। मेरे लिये यह एक यादगार और खुशी का पल था। जब पहली फ्लाइट और उसमें पहला यात्री वह भी सीएम के साथ सफर कर रहा हूं। यह पल मेरे जीवन के सबसे बेहतरीन पलों में से एक बन गया है। 

एक चौथाई लगा समय

यात्री रतन सैनी ने कहा कि पहले निजी गाड़ी से चंडीगढ़ जाता था तो करीब साढ़े चार घंटे लगते थे। अनुमानित करीब 4 से 5 हजार का खर्च हो जाता था। मेरी 2500 की टिकट थी। 55 मिनट पहुंचने में लगे। 15 मिनट पहले चैकिंग और 10 मिनट बाद में बाहर निकलते हुए लगे। करीब 75 मिनट पर पूरी यात्रा हो गई। यानी यात्रा की बात करे तो एक चौथाई समय लगा।

Red Max Media
Author: Red Max Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें