
कर्नाटक में दिवाली के मौके पर राज्य सरकार ने सिर्फ दो घंटे के लिए पटाखे फोड़ने की अनुमति दी है जिसको लेकर वहां राजनीति शुरू हो गई है. कांग्रेस सरकार द्वारा पटाखे फोड़ने को लेकर जारी किए गए नए दिशा-निर्देशों की बीजेपी नेताओं ने आलोचना की है. सरकार ने निर्देश दिए हैं कि पटाखे केवल रात 8 से 10 बजे के बीच ही फोड़े जाएं और इस दौरान केवल ग्रीन पटाखों का ही उपयोग किया जाए. इस पर विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि ये प्रतिबंध केवल हिंदू त्योहारों जैसे गणेश चतुर्थी और दीपावली पर ही लागू किए जाते हैं.
कांग्रेस के नेतृत्व वाली कर्नाटक सरकार ने दिवाली पर पटाखे जलाने पर प्रतिबंध लगा दिया है , एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा कि इस दिवाली राज्य में केवल पर्यावरण अनुकूल ग्रीन पटाखों की बिक्री की अनुमति दी जानी चाहिए।
उन्होंने सभी जिलों के उपायुक्तों के साथ बैठक के दौरान इस बात पर जोर दिया कि राज्य में पटाखों के कारण कोई नुकसान, चोट या मृत्यु नहीं होनी चाहिए।
बैठक के बाद सिद्धारमैया ने संवाददाताओं को बताया, “दीपावली नजदीक आ रही है। सुप्रीम कोर्ट ने दिशा-निर्देश दिए हैं कि किस तरह के पटाखे जलाए जाने चाहिए। केवल ग्रीन पटाखे ही बेचे जाने चाहिए और उन्हें रात 8 बजे से 10 बजे तक जलाया जाना चाहिए।”
उपायुक्तों को पटाखा दुकानों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया, “जिला अधिकारियों को उन दुकानदारों के खिलाफ मामला दर्ज करना चाहिए जो हरित पटाखों के अलावा अन्य पटाखे बेचते हैं, यदि वे सुरक्षा नियमों का पालन नहीं करते हैं, निर्धारित स्थान पर पटाखे नहीं बेचते हैं और उनके पास भंडारण के लिए उचित गोदाम नहीं हैं।”
पर्यावरण को किसी भी तरह की क्षति से बचाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए उन्होंने कहा, “मैंने डीसी को यह भी सूचित किया है कि उनके जिलों में पटाखों के कारण कोई नुकसान, चोट या मृत्यु नहीं होनी चाहिए।”








