
शाहरुख खान आज 59 साल के हो गए हैं। दिल्ली के आम परिवार से निकलकर मुंबई की फिल्मी दुनिया में छा जाने वाले शाहरुख खान ने अपनी मेहनत ने ये मुकाम हासिल किया है।
शाहरुख खान के जन्मदिन पर बॉलीवुड सितारों समेत दुनियाभर के फैन्स ने उन्हें बधाई दी है। सोशल मीडिया पर शाहरुख खान के जन्मदिन पर फैन्स ने उनकी तमाम फिल्मों की यादें शेयर की हैं। 111 से ज्यादा फिल्मों में काम कर चुके शाहरुख खान आज दुनिया के सबसे बड़े सितारों में शामिल हैं। लेकिन शाहरुख खान के लिए फर्श से अर्श का सफर आसान नहीं रहा है। कभी ऐसा भी था कि शाहरुख खान को अपने काम के लिए दोगुना मेहनत करनी पड़ती थी।
साल 1995 में आई शाहरुख खान की फिल्म ‘करण-अर्जुन’ के समय शाहरुख खान के जुनून और पैशन को उनके को-एक्टर जॉनी लीवर ने देखा था और काफी प्रभावित हुए थे। इसका खुलासा खुद जॉनी लीवर ने किया था। हाल ही में बीर बाइसेप्स नाम के यूट्यूब चैनल को दिए पॉडकास्ट में जॉनी लीवर ने खुद शाहरुख खान की शोहरत का राज खोला था।
छोटे पर्दे से की शुरुआत
मनोरंजन फिल्म इंडस्ट्री में शुरुआत करने वाले कई अन्य लोगों की तरह शाहरुख को भी शुरुआती सालों में काफी संघर्ष करना पड़ा। उन्होंने पहली बार 1988 में टीवी सीरीज ‘दिल दरिया’ में अभिनय किया। हालांकि, इसके निर्माण में देरी के कारण, उन्हें पहली बार 1989 की सीरीज ‘फौजी’ में छोटे पर्दे पर देखा गया। उन्होंने शो में अभिमन्यु राय की भूमिका निभाई, जिसमें भारतीय सेना के जवानों के प्रशिक्षण पर चर्चा की गई थी।
जॉनी लीवर ने बताया था शाहरुख खान की सफलता का राज
जिसमें जॉनी लीवर बताते हैं, ‘शाहरुख खान आज दुनिया के सबसे बड़े सितारों में से एक हैं। लेकिन शाहरुख खान ने यहां तक पहुंचने के लिए जीतोड़ मेहनत की है। जिसका फल उन्हें मिला है। मुझे याद है कि करण अर्जुन के सेट पर मैंने शाहरुख खान के जुनून और पैशन को देखा है। शाहरुख खान दिखने में, डांस में और एक्टिंग में भी सलमान खान से कमजोर थे। सलमान खान दोस्ती में उनकी टांग खींचा करते थे। लेकिन शाहरुख खान अपने काम को लेकर जुनूनी थे और बेहद मेहनती भी। होटल की लॉबी में वे दूसरे एक्टर्स के साथ हमेशा रिहर्सल किया करते थे। साथ ही डांस की भी प्रेक्टिस करते थे। यही कारण है कि शाहरुख खान आज इतने बड़े स्टार हैं।’ शाहरुख खान की यात्रा किसी इंस्पिरेशन से कम नहीं हैं। एक आम घर का लड़का बॉलीवुड का बादशाह बन गया।
