
दिल्ली भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को तेज कर दिया है। पार्टी ने प्रदेश चुनाव संचालन समिति की घोषणा की है जिसका नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा करेंगे। केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा समिति के संयोजक बनाए गए हैं। समिति में कई वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है जिनमें पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता आदि नेता शामिल हैं।
आम आदमी पार्टी पर घुसपैठियों को शरण देने का आरोप
वहीं, वीरेंद्र सचदेवा ने शुक्रवार को कहा कि दिल्ली की सुरक्षा के लिए खतरा बन रहे रोहिंग्या और बांगलादेशी घुसपैठियों का आम आदमी पार्टी संरक्षण दे रही है। घुसपैठिये दिल्ली की सड़कों के किनारे एवं पार्कों के आसपास अतिक्रमण कर रहे हैं। रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन एवं व्यापारिक संगठन इसकी शिकायत प्रशासन से कर रहे हैं।
विजेंद्र गुप्ता की शिकायत पर जांच सीपीडब्ल्यूडी को सौंपी
दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता की शिकायत पर केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) ने 6, फ्लैग स्टाफ रोड स्थित पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के पुराने सरकारी आवास की जांच केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) के मुख्य सतर्कता अधिकारी को सौंप दी है। गुप्ता ने 21 अक्टूबर को सीवीसी को पत्र लिखकर केजरीवाल के पुराने सरकारी आवास के नवीनीकरण में अनियमितता का आरोप लगाकर जांच की मांग की थी।
शौचालय पर 15 करोड़ रुपये खर्च करने का आरोप
उनका आरोप है कि सरकारी आवास के नवीनीकरण व साज सज्जा में नियमों का उल्लंघन कर पर भारी भरकम राशि खर्च की गई है। घर में 5.30 करोड़ के पर्दे, 77 लाख के टीवी, 12-12 लाख की टायलेट सीट, 50 लाख का कालीन, 18 लाख का हाट वाटर जनरेटर लगाए गए हैं। कभी शीला दीक्षित के सरकारी आवास में 10 एसी प्रश्न खड़ा करने वाले केजरीवाल के आवास में 50 एसी लगाए गए। सिर्फ शौचालय पर 15 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।








