
इस साल 29 अक्टूबर को लॉन्च हुई आयुष्मान वय वंदना कार्ड योजना के अंतर्गत केवल दो माह के भीतर 25 लाख वरिष्ठ नागरिकों ने पंजीकरण कराया है। इसकी जानकारी स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से दी गई है। मंत्रालय ने बताया कि इस कार्ड का लाभ लेते हुए 22 हजार वरिष्ठ नागरिक अब तक कुल 40 करोड़ रुपये का निशुल्क इलाज करा चुके हैं।
22 हजार वरिष्ठ नागरिक का अब तक निःशुल्क इलाज
70 साल से अधिक उम्र के लोगों को होगा लाभ
इस कार्ड से करीब दो हजार मेडिकल प्रोसीजर देश भर में 27 स्पेशियालिटी अस्पतालों में कराए जा सकते हैं। इसमें सभी मौजूदा बीमारियों को कवर करने के साथ ही हड्डी, हृदय और कैंसर के इलाज को भी पहले दिन से कवर किया जाता है। इस योजना से 4.5 करोड़ परिवारों और 70 साल से अधिक आयु के छह करोड़ लोगों को लाभ होगा।
मंत्रालय के अनुसार वृद्धजन जो पहले ही विभिन्न सरकारी योजनाओं जैसे-सीजीएचएस, ईसीएचएस और आयुष्मान सेंट्रल आर्मड पुलिस फोर्स के लाभार्थी हैं, उन्हें मौजूदा योजना और एबी-पीएमजेएवाय योजना में से किसी एक को चुनना होगा। आयुष्मान वय वंदना कार्ड योजना के पैनल में कुल 29,870 अस्पताल हैं जिसमें से 13,173 निजी अस्पताल हैं।
इस योजना में पंजीकरण के लिए नजदीकी अस्पताल जाने के अलावा, नागरिक आयुष्मान एप डाउनलोड करके भी खुद को पंजीकृत करा सकते हैं। या फिर टोल फ्री नंबर 14555 पर काल करें या 1800110770 पर मिस्ड काल करें।








