

गोवा के कलंगुट समुद्र तट पर यात्रियों से भरी एक नाव पलट गई। इस हादसे में 1 व्यक्ति की मौत हुई है। वहीं नाव में सवार 20 अन्य लोगों को बचा लिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि ये हादसा बुधवार दोपहर 1.30 बजे के करीब का है। नाव तटरेखा से करीब 60 मीटर दूर पलट गई जिस कारण सभी यात्री समुद्र के पानी में गिर गए।
जानिए कहां हुआ हादसा
सरकार द्वारा नियुक्त जीवन रक्षक एजेंसी दृष्टि मरीन के प्रवक्ता ने बताया कि नाव तटरेखा से करीब 60 मीटर दूर पलट गई, जिसके परिणामस्वरूप सभी यात्री समुद्र के पानी में गिर गए। उन्होंने बताया कि नाव में सवार यात्रियों में महाराष्ट्र के खेड़ का 13 सदस्यों वाला एक परिवार भी शामिल था।
घायलों को अस्पताल में किया गया भर्ती
जीवन रक्षक एजेंसी दृष्टि मरीन के प्रवक्ता ने आगे कहा कि घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार दिया गया। वहीं, जो लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे उनको एम्बुलेंस की मदद से चिकित्सा सुविधा के लिए ले जाया गया। घायलों में दो बच्चे, जिनकी उम्र छह और सात वर्ष थी,दो महिलाएं, जिनकी उम्र 25 और 55 वर्ष थी को अस्पताल में भेजा उपचार के लिए भेजा गया है। आगे उन्होंने बताया कि नाव पर सवार दो लोगों ने लाइफ जैकेट नहीं पहनी थी।
मुंबई में हुआ था नाव हादसा
गौरतलब है कि गोवा एक लोकप्रिय प्रयटक स्थल है। विशेषकर क्रिसमस और नए साल के जश्न के दौरान यहां पर हजारों की संख्या में पर्यटकों की भीड़ एकत्र होती है। आपको जानना चाहिए कि ये घटना उस समय हुई है, जब ठीक एक हफ्ते पहले ही मुंबई में 100 से अधिक यात्रियों को लेकर जार रही एक नाव नौसेना की एक तेज रफ्तार नाव से टकरा गई। इस हादसे में 15 लोगों की मौत हुई थी।
