
अमेरिका के नवनिर्वाचित राट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा को अमेरिका में मिलाने की बात दोहराई है। उन्होंने दावा किया कि कनाडा के लोगों को यह विचार पसंद आया है। इस बीच कनाडा की लिबरल पार्टी ने एलान किया है कि वे 9 मार्च को अपना नया नेता चुन लेगी। यही नया नेता कनाडा का अगला प्रधानमंत्री होगा। नेता चुने जाने के बाद जस्टिन ट्रूडो अपना पद छोड़ देंगे।
कनाडा को 9 मार्च को अपना नया प्रधानमंत्री मिल जाएगा। तब तक जस्टिन ट्रूडो प्रधानमंत्री के पद पर बने रहेंगे। लिबरल पार्टी ने कहा कि अपने नेता का चयन मतदान के माध्यम से किया जाएगा।
इस बीच खबर आ रही है कि विदेश मंत्री जोली लिबरल पीएम पद की रेस में हिस्सा नहीं लेंगी। लिबरल पार्टी ऑफ कनाडा के अध्यक्ष सचित मेहरा ने कहा कि पार्टी 9 मार्च को एक नया नेता चुनेगी। पार्टी 2025 का चुनाव लड़ने और जीतने को तैयार रहेगी।
विपक्ष लाएगा अविश्वास प्रस्ताव
24 मार्च से कनाडा का संसद सत्र शुरू होने जा रहा है। विपक्षी दलों ने नए प्रधानमंत्री के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने का एलान किया है। अगर विपक्ष का अविश्वास प्रस्ताव सफल होता है तो कनाडा के नए प्रधानमंत्री को महीने भर के अंदर पद छोड़ना पड़ सकता है।
मंहगाई समेत कई मुद्दों में बुरी तरह घिरने के बाद जस्टिन ट्रूडो ने पीएम और पार्टी नेता के पद से इस्तीफा देने का फैसला किया था। 2015 से कनाडा की सत्ता में काबिज ट्रूडो की लोकप्रियता भी तेजी से गिरी है।
पीएम की रेस में यह नाम
कनाडा के नए पीएम की रेस में भारतवंशी समेत कई नाम चर्चा में हैं। भारतीय मूल के सांसद चंद्र आर्य ने पीएम चुनाव में हिस्सा लेने का एलान किया है। इसके अलावा परिवहन मंत्री अनीता आनंद का नाम भी रेस में है। ट्रूडो कैबिनेट से इस्तीफा देने वाली क्रिस्टिया फ्रीलैंड का नाम सबसे आगे है।
उन्होंने ट्रूडो से मतभेद के बाद मंत्री पद छोड़ा था। 56 वर्षीय क्रिस्टिया फ्रीलैंड के पास 2015 से सरकार का लंबा अनुभव है। डोमिनिक लेब्लांक भी इस रेस में शामिल है। मौजूदा समय में वे वित्त मंत्री हैं।
बैंक ऑफ कनाडा और बैंक ऑफ इंग्लैंड को चलाने वाले 59 वर्षीय मार्क कार्नी ने का नाम भी राजनीतिक गलियारों में चल रहा है। वे ट्रूडो के विशेष आर्थिक सलाहकार भी हैं। कर्नाटक में जन्मे और ओटावा से सांसद चंद्र आर्य ने कहा कि वह अगले प्रधानमंत्री की दौड़ में हैं।
महंगाई और ट्रंप की धमकियों से कैसे निपटेंगे?
कनाडा के नए प्रधानमंत्री के सामने महंगाई के साथ-साथ ट्रंप की धमकियों से निपटना आसान नहीं होगा। ट्रंप ने कनाडा पर 25 फीसदी जीएसटी लगाने का एलान किया है। इसके अलावा वे बार-बार कनाडा को अमेरिका में मिलाने का खुला एलान भी कर चुके हैं। इन्हीं सभी मुश्किलों से परेशान होकर ट्रूडो ने अपना इस्तीफा दिया। मगर अब देखना यह होगा कि नए प्रधानमंत्री ट्रंप की धमकियों से कैसे निपटेंगे?
अमेरिका का 51वां राज्य बने कनाडा: ट्रंप
डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को एक बार फिर कनाडा को 51वां राज्य बनाने का मुद्दा उठाया। फ्लोरिडा के पाम बीच से ट्रंप ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कनाडा के पीएम जस्टिन ट्रूडो के संदर्भ में कहा, मैंने उन्हें गवर्नर ट्रूडो इसलिए कहा क्योंकि कनाडा को अमेरिका का 51वां राज्य बनना चाहिए।
कनाडा के लोगों को भी यह विचार ”बहुत दिलचस्प” लगा है। उनके पास बेहद छोटी सेना नहीं है। वे एक प्रतिशत से भी कम भुगतान करते हैं। वे नाटो में सबसे कम भुगतान करने वाले हैं। उन्हें इससे कहीं अधिक भुगतान करना चाहिए। उनके सामने बहुत सारी समस्याएं हैं। नाटो एक सैन्य संगठन है। अमेरिका और कनाडा दोनों इस संगठन के सदस्य हैं।
कनाडा पर लगाएंगे टैरिफ
ट्रंप ने कहा, हम कनाडा को प्रति वर्ष 200 और 250 अरब अमेरिकी डॉलर की सब्सिडी दे रहे हैं। कनाडा ने हमारे कार कारोबार के लगभग 20 प्रतिशत हिस्से पर कब्जा कर लिया है। हम उन पर टैरिफ लगा सकते हैं। हमने अभी तक उन पर टैरिफ नहीं लगाया है लेकिन अब हम टैरिफ लगाएंगे। हमें उनकी किसी भी चीज की जरूरत नहीं है।








