
दिल्ली में प्रदूषण का स्तर एक बार फिर से बढ़ गया है। दिल्ली की वायु गुणवत्ता ‘गंभीर’ स्तर पर पहुँच जाने के बाद बुधवार को वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के चरण 3 को फिर से लागू करने की घोषणा की है। ग्रैप-3 लागू होने के बाद अब कई तरह के प्रतिबंध लागू हो गए हैं।
इन चीजों पर रहेगी पाबंदी
जानकारी के अनुसार, जब तक GRAP-3 लागू रहेगा निर्माण कार्यों पर रोक रहेगी। किसी बिल्डिंग में तोड़फोड़ भी नहीं होगी। सभी गैर-आवश्यक खनन गतिविधियां निलंबित रहेंगी, गैर-इलेक्ट्रिक, गैर-सीएनजी और गैर-बीएस-VI डीजल अंतरराज्यीय बसों पर प्रतिबंध रहेगा। आज से बीएस-III पेट्रोल और बीएस-IV डीजल चार पहिया वाहनों के चलने पर प्रतिबंध लगा दिया जाएगा और वाणिज्यिक वाहनों को राष्ट्रीय राजधानी में प्रवेश करने पर प्रतिबंध लगा दिया जाएगा।
5वीं क्लास के स्कूल बंद करने का सुझाव
इसके साथ ही दिल्ली-एनसीआर में कक्षा 5 तक के स्कूलों को बंद करने का सुझाव दिया गया है। स्कूल चाहें तो ऑनलाइन क्लास करा सकते हैं। बता दें कि दिल्ली का AQI, जो 28 जनवरी को 276 था, जो आज शाम 4 बजे तक 365 तक पहुंच गया। इससे पहले भी प्रदूषण की वजह से दिल्ली-एनसीआर के स्कूलों को कई दिनों तक बंद किया गया था।
दिल्ली-एनसीआर में जनवरी के अंत में होगी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में फरवरी की शुरुआत में बारिश हो सकती है क्योंकि जनवरी के अंत में एक के बाद एक दो पश्चिमी विक्षोभ आने की उम्मीद है। दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में रविवार को बारिश की उम्मीद है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पूर्वानुमान लगाया है कि पहला पश्चिमी विक्षोभ 29 जनवरी को ऊपरी हिमालय पर सक्रिय होगा, इसके तुरंत बाद 1 फरवरी को दूसरा पश्चिमी विक्षोभ आएगा। जिसकी वजह से बारिश होगी।








