
लखनऊ। महाकुंभ में श्रद्धालुओं की लगातार उमड़ती भीड़ से प्रयागराज व आसपास के जिलों में जाम की समस्या को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों की जवाबदेही तय की है। योगी ने वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिया है कि यातायात प्रबंधन के लिए वे खुद सड़क पर नजर आएं।
सीएम योगी ने दिए निर्देश
योगी ने अपने सरकारी आवास पर वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिया कि जहां जाम लगे, वहां के अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए। यातायात प्रबंधन को लेकर किसी भी स्तर पर कहीं लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों व कर्मियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होगी।
50 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी, योगी ने दी बधाई
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज महाकुंभ में अब तक 50 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं के पुण्य की डुबकी लगाने पर सभी को बधाई दी है। उन्होंने इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा…भारत की आध्यात्मिकता, एकात्मता, समता और समरसता के जीवंत प्रतीक महाकुंभ प्रयागराज में अब तक पावन त्रिवेणी में 50 करोड़ से अधिक श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगा चुके हैं।
वास्तविक अर्थों में भारत की लोक आस्था का यह अमृतकाल है। एकता और आस्था के इस महायज्ञ में पवित्र स्नान का पुण्य लाभ प्राप्त करने वाले सभी पूज्य साधु-संतों, धर्माचार्यों, कल्पवासियों एवं श्रद्धालुओं का हार्दिक अभिनंदन!
मानवता के इस महोत्सव के सकुशल आयोजन में सहभागी महाकुंभ मेला प्रशासन, स्थानीय प्रशासन, पुलिस प्रशासन, स्वच्छताकर्मियों, स्वयंसेवी संगठनों एवं धार्मिक संस्थाओं, नाविकों तथा महाकुंभ से जुड़े केंद्र व प्रदेश सरकार के सभी विभागों को हृदय से साधुवाद तथा प्रदेशवासियों को बधाई! भगवान तीर्थराज प्रयाग सभी की मनोकामना पूर्ण करें!








