

प्रधानमंत्री के असम दौरे से पहले कांग्रेस ने भाजपा और राज्य की हिमंत सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने असम में भाजपा पर जुमलों का कारखाना लगाने का आरोप लगाया और कहा कि इसके कर्ताधर्ता राज्य के भाजपा के सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री है।
हिमंत सरकार पर हाल में असम में कांग्रेस नेताओं पर राजनीतिक व शारीरिक हमले करने का गंभीर आरोप भी लगाया और कहा कि इन हमलों का जवाब जनता एक वर्ष बाद राज्य में कांग्रेस की सरकार बनवाकर देगी।
खरगे ने साधा पीएम पर निशाना
प्रधानमंत्री असम दौरे पर हैं। कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के असम दौरे पर निशाना साधते हुए एक्स पर पोस्ट कर कहा, ‘असम के 3.5 करोड़ लोग बेहद आक्रोशित है। मोदी जी कोई जुमला उनके गुस्से को ठंडा नहीं कर सकता है। असम और पूर्वोत्तर में बदलाव तय है।’
उन्होंने कहा, ‘असम की जनता भाजपा के राज में भूमाफिया द्वारा भ्रष्टाचार नफरत और कुशासन का परिणाम झेल रही है। युवाओं की बेरोजगारी, चाय बागान के कर्मियों की लाचारी, अवैध घुसपैठ आदि मुद्दे राज्य में चरम पर हैं। राज्य विकास के हर पैमाने पर व आर्थिक मोर्चे पर पिछड़ रहा है।’
हिमंत सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
- इस बीच, असम कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने भी दिल्ली पहुंचकर राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए है। कांग्रेस महासचिव और असम के प्रभारी जितेंद्र सिंह की अगुवाई में असम से कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई व असम कांग्रेस के अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा ने भी हिमंत सरकार पर भ्रष्टाचार, भूमि घोटाला जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
- राज्य के कांग्रेस नेताओं ने मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा की पत्नी पर इस भ्रष्टाचार में शामिल होने का आरोप गया और कहा कि यह आश्चर्य की बात है कि चार साल में ही सीएम की पत्नी बिजनेस टायकून बन गईं। पूर्वी भारत में तेजी से वह बिजनेस टायकून के रूप में उभरी हैं।
- कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा ने 2016 में विजन दस्तावेज के जरिये असम के लोगों से जो वादे दिए थे, उन्हें अब तक पूरा नहीं कर पायी है। बड़े दावों के बाद भी कानून व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब है। पुलिस का राजनीतिकरण किया जा रहा है।

Author: Red Max Media
Post Views: 18