पुणे रेप केस के आरोपी पर एक लाख का इनाम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एक्शन तेज।
पुणे के स्वर्गेट डिपो में एक बस के अंदर 26 वर्षीय महिला के साथ रेप का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। विपक्ष के हमले के बाद अब फडणवीस सरकार भी एक्शन मोड में है।महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने पुणे के स्वर्गेट बस डिपो के सहायक परिवहन अधीक्षक और बस डिपो प्रबंधक के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।

फोटो जारी, एक लाख का इनाम भी…

पुणे पुलिस ने आरोपी की पहचान जारी कर दी है। आरोपी का नाम दत्तात्रेय रामदास गाडे है, जिसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाले व्यक्ति को 1 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की गई है। पुलिस ने आरोपी की फोटो भी जारी की है। आरोपी ने बीते दिन बस में 26 वर्षीय महिला के साथ बलात्कार किया था। 

मंत्री सरनाईक ने दिए ये निर्देश
  • मंत्री सरनाईक ने जांच में दोषी पाए जाने पर दोनों को निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, मंत्री ने इसी के साथ महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (MSRTC) को स्वर्गेट बस डिपो में सभी मौजूदा सुरक्षा कर्मियों को बदलने का निर्देश दिया है।
  • इससे बेहतर सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कदम उठाने की बात कही गई है।
ये है मामला
बता दें कि घटना मंगलवार की सुबह हुई जब बलात्कार पीड़िता, फलटण में अपने घर लौटने के लिए बस का इंतजार कर रही थी। कथित तौर पर आरोपी ने उससे दीदी कहकर संपर्क किया और झूठा दावा किया कि उसके गंतव्य तक जाने वाली बस कहीं और खड़ी है। 

वह उसे डिपो में खड़ी महाराष्ट्र राज्य परिवहन निगम शिवसाही बस में ले गया और उसका पीछा करते हुए उसमें घुस गया, जहां उसने कथित तौर पर उसके साथ बलात्कार किया।कथित अपराध के बाद महिला ने पुलिस से संपर्क किया और उसी दिन मंगलवार को पुलिस में मामला दर्ज किया गया।

 

अब तक क्या-क्या हुआ?
  • पुलिस के अनुसार, फरार आरोपी की तलाश का दायरा बढ़ा दिया गया है और उसे पकड़ने के लिए कुल 13 टीमें जमीन पर हैं।
  • पुणे सिटी पुलिस ने कहा कि क्राइम ब्रांच यूनिट की आठ टीमें और स्वारगेट पुलिस स्टेशन की पांच टीमें आरोपी की तलाश कर रही हैं। टीमों को जिले से बाहर भी भेजा गया है।
  • राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रूपाली चाकनकर ने कहा कि स्वर्गेट डिपो में हुई घटना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। पीड़िता ने स्वार्गेट पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई और पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की।
  • स्वारगेट पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी के अनुसार, आरोपी दत्तात्रेय रामदास गाडे (36) हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ पुणे और आसपास के अहिल्यानगर जिले में चोरी, डकैती और चेन स्नैचिंग के आधा दर्जन मामले दर्ज हैं।
  • पुलिस अधिकारी ने बताया कि गाडे 2019 से एक अपराध में जमानत पर बाहर था।
विपक्ष ने मांगा फडणवीस से इस्तीफा

घटना के बाद महिला सुरक्षा को लेकर विपक्ष सरकार पर हमलावर हो गया है। राकांपा (शरदचंद्र पवार) की सांसद सुप्रिया सुले ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा है कि स्वारगेट बस स्टैंड के सामने ही पुलिस चौकी है। यदि पुलिसकर्मी वहां गश्त करते होते तो वहां ऐसी घटना न होती। उन्होंने आरोपित को जल्द गिरफ्तार कर उसका मुकदमा फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने की मांग की है। 

उधर, महाराष्ट्र कांग्रेस ने सीएम देवेंद्र फणडवीस से इस्तीफा मांगा है। कांग्रेस ने कहा कि राज्य में महिलाएं सुरक्षित नहीं है। 

राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने मुंबई के पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखकर मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है। एनसीडब्ल्यू ने कहा है कि वह मामले की बारीकी से निगरानी करेगी और आवश्यकतानुसार आगे की कार्रवाई करेगी।

Red Max Media
Author: Red Max Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें