
हिमाचल प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र आज से शुरू हो रहा है। राज्यपाल के अभिभाषण के साथ शुरू होने वाले इस सत्र में कई अहम मुद्दे उठने की उम्मीद है। कांग्रेस सरकार अपनी उपलब्धियों का बखान करेगी जबकि भाजपा विपक्ष की भूमिका निभाते हुए सरकार को घेरेगी। 10 मार्च से शुरू हो रहे विधानसभा सत्र में कुल 16 बैठकें होंगी। जानिए इस बजट सत्र में क्या-क्या होने वाला है।
हर विभाग की उपलब्धियों पर कैबिनेट में विस्तृत चर्चा
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल अपने अभिभाषण में राज्य सरकार की वित्तीय वर्ष 2024-25 की उपलब्धियों को गिनाएंगे। अभिभाषण में केंद्र की उपेक्षाओं का जिक्र होगा। राज्यपाल के अभिभाषण को राज्य सरकार तैयार करती है। हाल ही में आयोजित राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में राज्यपाल के अभिभाषण को मंजूरी दी गई थी। अभिभाषण पर कैबिनेट में बाकायदा प्रेजेंटेशन दी गई थी। हर विभाग की उपलब्धियों पर कैबिनेट में विस्तृत चर्चा की गई थी।
कांग्रेस विधायक दल आज बनाएगा रणनीति
कांग्रेस विधायक दल सोमवार सुबह होगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बैठक में बजट सत्र को लेकर रणनीति बनाई जाएगी। बैठक में कांग्रेस विधायकों को सरकार की योजनाओं को जोरदार तरीके से सदन में उठाने व विपक्ष के हर सवाल का विस्तृत जवाब मंत्रियों को देने को कहा जाएगा। बैठक में कांग्रेस विधायक केंद्र सरकार की अनदेखी व उपेक्षा के मामले को भी जोरशोर तरीके से उठाएंगे।
बजट सत्र में जो होना है
- 10 मार्च से शुरू हो रहे विधानसभा सत्र में कुल 16 बैठकें होंगी। हालांकि, बैठकें बढ़ाने पर विचार चल रहा है।
- 15 व 22 मार्च को शनिवार है इस दिन भी सत्र का आयोजन किया जाएगा।
- राज्यपाल के अभिभाषण पर 11 से 13 मार्च तक धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा व पारण होगा।
- 17 मार्च को मुख्यमंत्री वित्तीय वर्ष 2025-26 का बजट प्रस्तुत करेंगे।
- 22 व 27 मार्च के दिन गैर सरकारी सदस्य कार्य दिवस के लिए निर्धारित किए गए हैं।
- 26 मार्च को वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए बजट पारित होगा।
- कुल 963 प्रश्न पूछे गए हैं। इनमें 737 प्रश्न तारांकित और 226 अतारांकित प्रश्न पूछे गए हैं।
- नियम-62 के तहत 9, 101 के तहत 5, सूचनाएं व नियम-130 के तहत 10 सूचनाएं प्राप्त हई है।








