बिहार में भाजपा विधायक का विवादित बयान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हरिभूषण ठाकुर बचौल

होली को लेकर बिहार में विवादित बयान से बवाल मचा हुआ है। दरअसल, भाजपा विधायक ने कह दिया था कि जिनको रंग से दिक्कत हो ऐसे मुस्लिम अपने घर में ही रहें। उनके इस बयान का तेजस्वी ने जवाब दिया है।

बिहार में भाजपा विधायक ने मुस्लिमों से होली पर ‘घर के अंदर रहने’ और ‘हिंदुओं को बिना किसी बाधा के उनका त्योहार मनाने’ देने की बात कहकर सियासी विवाद खड़ा कर दिया है। इस पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने पलटवार किया है और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भाजपा विधायक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। बता दें कि होली का त्योहार शुक्रवार को है और ये भी है कि रमजान का महीना भी चल रहा है। ऐसे में भाजपा विधायक के बयान ने सियासी पार हाई कर दिया है।

भाजपा विधायक का विवादित बयान

मधुबनी जिले के बिस्फी विधानसभा क्षेत्र के विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल ने विधानसभा परिसर में संवाददाताओं से बातचीत के दौरान कहा, ‘‘मैं मुसलमानों से अपील करना चाहता हूं कि साल में 52 जुमा (शुक्रवार) होते हैं। उनमें से एक जुमे पर होली का पर्व पड़ रहा है। इसलिए, उन्हें हिंदुओं को त्योहार मनाने देना चाहिए और अगर उन पर रंग लग जाए तो उन्हें बुरा नहीं मानना ​​चाहिए। अगर उन्हें इससे कोई दिक्कत हो तो उन्हें घरों में ही रहना चाहिए। सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने के लिए यह जरूरी है।’’

पत्रकारों ने जब उनसे पूछा कि मुस्लिम रमजान के दौरान रोजा रखते हैं और शुक्रवार को विशेष नमाज पढ़ते हैं तो विधायक ने कहा, ‘‘उनके हमेशा दोहरे मापदंड रहे हैं। वे अबीर-गुलाल बेचने वाले स्टॉल लगाकर, पैसे कमाकर खुश हैं, लेकिन अगर उनके कपड़ों पर कुछ दाग लग जाते हैं, तो उन्हें दोज़ख (नरक) का डर सताने लगता है।’’

तेजस्वी ने किया करारा हमला

भाजपा नेता के इस बयान पर बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की और कहा कि ‘‘यह आपके ‘बाप का राज’ नहीं है। सांप्रदायिक तनाव भड़काने की कोशिश करने के लिए उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होनी चाहिए। बचौल को याद रखना चाहिए कि यह बिहार है, जहां आरएसएस-भाजपा और संघ परिवार के मंसूबे हर बार नाकाम हो जाते हैं। उन्हें लगता है कि वे हमारे मुस्लिम भाइयों में आतंक फैला सकते हैं। लेकिन हमारा देश ऐसा है जहां हर एक मुसलमान की रक्षा कम से कम पांच से छह हिंदू करेंगे।’’

तेजस्वी का नीतीश पर जुबानी हमला

तेजस्वी ने कहा, ‘‘मैं यह भी चाहूंगा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बचौल को बुलाएं और उनकी टिप्पणी के लिए उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। हालांकि सदन के नेता से यह उम्मीद करना बहुत ज्यादा है जो अब खुद होशो-हवास में नहीं रहते।’’

Red Max Media
Author: Red Max Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें