रूस ने युद्धविराम प्रस्ताव पर साफ किया रुख

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रूस ने युद्धविराम प्रस्ताव पर साफ किया रुख, जानें क्या बोले राष्ट्रपति पुतिन
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा हौ कि वो यूक्रेन के साथ युद्धविराम के विचार के पक्ष में हैं, लेकिन इसे कैसे क्रियान्वित किया जाएगा, इसे लेकर उनके मन में गंभीर सवाल हैं। युद्धविराम प्रस्ताव को यूक्रेन ने स्वीकार किया है।

मॉस्को: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह यूक्रेन में 30 दिन के संघर्ष विराम से जुड़े अमेरिकी प्रस्ताव से सैद्धांतिक रूप में सहमत हैं, लेकिन इसकी शर्तों पर काम करने की जरूरत है। पुतिन ने स्थायी शांति बहाली पर जोर दिया। पुतिन ने मॉस्को में संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘इसलिए यह विचार अपने आप में सही है। हम निश्चित रूप से इसका समर्थन करते हैं। लेकिन ऐसे मुद्दे हैं जिन पर हमें चर्चा करने की आवश्यकता है और मुझे लगता है कि हमें अपने अमेरिकी सहयोगियों और साझेदारों के साथ इस पर चर्चा करने की आवश्यकता है।’’

दीर्घकालिक शांतिपूर्ण समाधान चाहता है रूस

व्लादिमीर पुतिन ने संघर्ष विराम के संभावित उल्लंघनों को रोकने के लिए एक तंत्र विकसित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि एक अन्य मुद्दा यह है कि क्या यूक्रेन 30 दिवसीय संघर्ष विराम का उपयोग लामबंदी और पुनः शस्त्रीकरण जारी रखने के लिए कर सकेगा। पुतिन ने कहा, ‘‘हम लड़ाई रोकने के प्रस्तावों से सहमत हैं, लेकिन हम इस धारणा के साथ आगे बढ़ते हैं कि संघर्ष विराम से स्थायी शांति आएगी और संकट के मूल कारणों को दूर किया जाएगा।’’

पुतिन ने क्या कहा?

पुतिन ने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि अमेरिका ने यूक्रेन को संघर्ष विराम स्वीकार करने के लिए राजी किया, लेकिन युद्ध के मैदान में स्थिति के कारण यूक्रेन इसमें रुचि रखता है। उन्होंने कहा कि रूस के कुर्स्क क्षेत्र में घुसपैठ करने वाले यूक्रेनी सैनिकों को आगामी दिनों में पूरी तरह से रोक दिया जाएगा। कुर्स्क में यूक्रेनी सैनिकों की मौजूदगी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘क्या वहां मौजूद सभी लोग बिना किसी लड़ाई के बाहर आ जाएंगे?’’ पुतिन ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को ‘‘यूक्रेन से जुड़े समझौते पर इतना ध्यान देने के लिए’’ धन्यवाद दिया। उन्होंने चीन, भारत, ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका के नेताओं को भी धन्यवाद दिया।

 

यूक्रेन को होगा लाभ

रूस ने कहा है कि वह किसी भी संभावित संघर्ष विराम की निगरानी के लिए नाटो के किसी भी सदस्य देश से शांति सैनिकों को स्वीकार नहीं करेगा। इससे पहले, अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप के एक दूत वाशिंगटन द्वारा प्रस्तावित 30 दिवसीय संघर्ष विराम पर वार्ता के लिए बृहस्पतिवार को मास्को पहुंचे, लेकिन एक वरिष्ठ रूसी अधिकारी ने कहा कि इस पहल से केवल यूक्रेन को ही लाभ होगा, क्योंकि इसकी थकी हुई और कम संख्या वाली सेना को इससे कुछ आराम मिल जाएगा। संघर्ष विराम के प्रस्ताव को यूक्रेन ने स्वीकार कर लिया है। यह कूटनीतिक प्रयास रूस के इस दावे के बीच किया गया है कि उसके सैनिकों ने रूसी कुर्स्क सीमा क्षेत्र के एक प्रमुख शहर से यूक्रेनी सेना को खदेड़ दिया है, जहां से मास्को सात महीने से यूक्रेनी सैनिकों को हटाने का प्रयास कर रहा था।

Red Max Media
Author: Red Max Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें