

मुख्यमंत्री आवास में होली मिलन कार्यक्रम में अबीर गुलाल के साथ ही प्रदेश के सभी क्षेत्रों की लोक संस्कृति के रंग भी नजर आए। राठ क्षेत्र से आई सांस्कृतिक टोली और थारू जनजाति के छोलिया नृत्य ने सबका ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।
इस कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों के सांस्कृतिक दलों को आमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम में जौनसार के कलाकारों ने हारूल नृत्य प्रस्तुत किया तो लोहाघाट की महिला कलाकारों ने होली के गीत गाए। राठ क्षेत्र की सांस्कृतिक टोली ने होली के गीतों से समा बांधा तो थारू जनजाति के कलाकारों ने होली के गीतों पर पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत किया।
इन सबके बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पत्नी गीता धामी के साथ होली के रंग में दिखे। उन्होंने उपस्थित सभी मेहमानों के साथ होली का तिलक किया और सभी को होली की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने और उसे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
उन्होंने सभी से आग्रह किया कि इस पावन पर्व को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं और समाज में प्रेम, भाईचारे व शांति का संदेश दें। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्रियों के साथ ही विधायक, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं प्रदेश के विभिन्न स्थानों से आए गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
भाजपा कार्यालय में धूमधाम से मनाई गई होली
देहरादून: भाजपा मुख्यालय में भी गुरुवार को धूमधाम से होली मनाई गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी भाजपा मुख्यालय पहुंचे और उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से भेंट कर उन्हें होली की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री धामी ने पूर्व मुख्यमंत्रियों को दी होली की शुभकामनाएं
राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, त्रिवेंद्र सिंह रावत और हरीश रावत से उनके आवास में मुलाकात कर होली की शुभकामनाएं दीं। गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तीनों पूर्व मुख्यमंत्री के आवास पर गए और हाली की शुभकामनाएं दीं।
