

कर्नाटक में सरकारी ठेकों में मुसलमानों को आरक्षण देने के फैसले पर सोमवार को संसद के दोनों सदनों पर जमकर हंगामा हुआ। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इसे संविधान बदलने की कोशिश करार दिया। उन्होंने कहा कि धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं दिया जा सकता है। इस पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि कोई संविधान को नहीं बदल रहा है। हम संविधान के रक्षक हैं।
आरक्षण को कोई खत्म नहीं कर सकता: खरगे
राज्यसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि बाबासाहेब अंबेडकर द्वारा बनाए गए संविधान को कोई नहीं बदल सकता है। आरक्षण को कोई खत्म नहीं कर सकता। इसे बचाने के लिए हमने कश्मीर से कन्याकुमारी तक भारत जोड़ो यात्रा की। वे (एनडीए सांसदों की ओर इशारा करते हुए) भारत को तोड़ रहे हैं। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि मुस्लिम आरक्षण का मुद्दा उठाकर कांग्रेस ने बाबासाहेब आंबेडकर के संविधान की प्रतिष्ठा को धूमिल किया है। अगर हिम्मत है तो आज ही उपमुख्यमंत्री का इस्तीफा मांगें।
भारत इसे बर्दाश्त नहीं करेगा: पात्रा
पीएम बनने के लिए उन्होंने धर्म के आधार पर मां भारती के दो टुकड़े किए। आज गांधी परिवार वही कर रहा है। वे मुस्लिम आरक्षण को संविधान में जगह देने की बात कर रहे हैं। बाबा साहेब अंबेडकर इसके खिलाफ थे। वे एक बार फिर भारत का बंटवारा चाहते हैं क्योंकि राहुल गांधी राजनीतिक रूप से अयोग्य हैं। वे देश को बांटकर और देश के संविधान को बदलकर कहीं नेता बनने की साजिश कर रहे हैं। भारत इसे बर्दाश्त नहीं करेगा।
