कठुआ में फिर शुरू हुआ एंटी-टेरर ऑपरेशन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कठुआ में फिर शुरू हुआ एंटी-टेरर ऑपरेशन

कठुआ जिले में एनकाउंटर के दौरान शुक्रवार को ड्रोन द्वारा एक और पुलिसकर्मी का शव मिला, जिससे शहीद पुलिसकर्मियों की संख्या चार हो गई। सुरक्षाबलों ने 3 आतंकवादियों को मार गिराया और दो और आतंकवादियों की तलाश जारी है।

जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के सुदूर वन क्षेत्र में पहले हुई एनकाउंटर वाली जगह के पास शुक्रवार को ड्रोन के जरिये एक और पुलिसकर्मी का शव देखा गया। अधिकारियों ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि एनकाउंटर में यह चौथा पुलिसकर्मी शहीद हुआ है। सुरक्षा बलों ने 3 आतंकवादियों को भी मार गिराया है। उन्होंने बताया कि दूसरे दिन भी भारी गोलीबारी और ब्लास्ट की तेज आवाजें सुनाई देती रहीं। पुलिस, सेना और CRPF ने शुक्रवार सुबह विभिन्न दिशाओं से इलाके में प्रवेश किया। अधिकारियों ने बताया कि सुबह होते ही ऑपरेशन फिर से शुरू कर दिया।

2 और आतंकवादी वहां छिपे हुए हैं

सुरक्षाबलों का मुख्य उद्देश्य मारे गए आतंकवादियों और पुलिसकर्मियों के शवों को निकालना, एक लापता पुलिसकर्मी को ढूंढना तथा इलाके में किसी भी संभावित खतरे को खत्म करना था। उन्होंने बताया कि सुरक्षाबल पूरी सावधानी के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ रहे हैं क्योंकि माना जा रहा है कि 2 और आतंकवादी वहां छिपे हुए हैं। पहले उन आतंकवादियों को मृत मान लिया गया था, लेकिन ड्रोन द्वारा उनके शव नहीं देखे जा सके। अधिकारियों ने बताया कि राजबाग के घाटी जूथाना में जखोले गांव के निकट आतंकवादियों के खिलाफ ऑपरेशन गुरुवार सुबह करीब 8 बजे शुरू हुआ।

जवाबी कार्रवाई में 3 आतंकवादी मारे गए’

जम्मू-कश्मीर पुलिस के SOG के नेतृत्व में सेना और CRPF की मदद से की गई जवाबी कार्रवाई में 3 आतंकवादी मारे गए। एक SDPO सहित 5 पुलिसकर्मी कथित तौर पर गोलीबारी के स्थान के पास फंस गए, जो घने पेड़ों से घिरे एक नाले के पास था। इससे तनाव और बढ़ गया। SDPO को गुरुवार देर शाम घायल अवस्था में घटनास्थल से निकाला गया, जबकि उनके 3 निजी सिक्योरिटी अफसर मृत पाए गए। आज सुबह एक पुलिसकर्मी का शव देखा गया। SDPO के अलावा 3 और पुलिसकर्मियों को कठुआ अस्पताल में भर्ती कराया गया और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। ऑपरेशन में सेना के दो जवान घायल हुए हैं।

Red Max Media
Author: Red Max Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें