डल्लेवाल ने प्रदर्शन जारी रखने का किया आह्वान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

डल्लेवाल ने प्रदर्शन जारी रखने का किया आह्वान

किसान नेता डल्लेवाल ने कहा है कि एमएसपी की मांग पूरी न होने तक किसानों का प्रदर्शन जारी रहेगा। इसके साथ ही आगामी 4 मई को केंद्र सरकार के साथ होने वाली बैठक में भी वह शामिल रहेंगे।

किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने एक बार फिर से आंदोलन की चेतावनी दी है। उन्होंने सोमवार को कहा कि जब तक सरकार फसलों के लिए एमएसपी की कानूनी गारंटी सहित उनकी मांगें नहीं मान लेती तब तक किसानों का आंदोलन जारी रहेगा। डल्लेवाल ने कहा कि किसान नेता केंद्र के प्रतिनिधियों के साथ प्रस्तावित चार मई की बैठक में शामिल होंगे, क्योंकि वह सरकार को यह बहाना बनाने नहीं देना चाहते कि किसान बैठक में शामिल नहीं हुए। उन्होंने कहा, ‘‘हम बैठक में शामिल होंगे और मजबूती से अपनी मांगे रखेंगे।’’ बता दें कि डल्लेवाल ने 130 दिन बाद रविवार को अपनी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल समाप्त की थी।

संयुक्त बैठक में तय होगी रणनीति

किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा (केएमएम) द्वारा की जाने वाली एक बैठक में अगली रणनीति तय की जाएगी। वह इन दोनों संगठनों के संयुक्त मंच के वरिष्ठ नेता हैं। एसकेएम (गैर-राजनीतिक) और केएमएम ने पंजाब और हरियाणा के बीच शंभू और खनौरी बॉर्डर पर किसानों की मांगों को लेकर एक साल से अधिक समय तक प्रदर्शन का नेतृत्व किया था, क्योंकि सुरक्षाबलों ने उन्हें उनकी मांगों के लिए दिल्ली तक मार्च करने की अनुमति नहीं दी थी। पुलिस ने 19 मार्च को विरोध स्थल खाली करा दिया था।

समाप्त नहीं हुआ आंदोलन

डल्लेवाल ने पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले में रविवार को आयोजित किसान महापंचायत को बताया कि उन्होंने संगत के आमरण अनशन समाप्त करने के अनुरोध को स्वीकार कर लिया है। उन्हें खन्ना के एक निजी अस्पताल में जांच कराए जाने के एक दिन बाद सोमवार को छुट्टी दे दी गई थी। किसान नेता ने खन्ना में कहा कि आंदोलन समाप्त नहीं हुआ है। उन्होंने कहा, ‘‘यह तब तक जारी रहेगा जब तक एमएसपी के लिए कानूनी गारंटी सहित हमारी मांगें स्वीकार नहीं कर ली जाती हैं।’’

चार मई की बैठक में होंगे शामिल

डल्लेवाल ने कहा कि इस आंदोलन के तहत पंजाब के कई हिस्सों में किसान महापंचायतें आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने एक सवाल का जवाब देते हुए कहा, ‘‘आने वाले दिनों में हम दोनों मंचों की बैठक करेंगे और अगली रणनीति पर फैसला करेंगे।’’ किसानों और केंद्र सरकार के प्रतिनिधियों के बीच चार मई को प्रस्तावित बैठक के बारे में पूछे जाने पर डल्लेवाल ने कहा कि किसान नेता बैठक में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि वे सरकार को यह कहने का कोई बहाना नहीं देना चाहते कि किसान बैठक में शामिल नहीं हुए। डल्लेवाल ने कहा, ‘‘हम बैठक में शामिल होंगे और मजबूती से अपनी मांगें रखेंगे।’’

Red Max Media
Author: Red Max Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें