
अफ्रीकी देश नाइजीरिया में मैनिन्जाइटिस रोग तेजी से फैल रहा है। इस रोग की चपेट में आने से अब तक 150 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। बड़ी संख्या में बच्चे इस रोग से प्रभावित हुए हैं।
नाइजीरिया में तेजी से फैल रहे मैनिन्जाइटिस रोग से अब तक 151 लोगों की मौत हो गई है। इस बीमारी के प्रकोप पर काबू पाने के लिए वहां के स्वास्थ्य अधिकारी लगातार संघर्ष कर रहे हैं। बीमारी से मारे गए अधिकतर लोग उत्तरी क्षेत्र के दूरदराज के हिस्सों के थे। बीमारी से सबसे अधिक संख्या में बच्चे प्रभावित हुए हैं।
बीते साल सामने आया था पहला केस
नाइजीरिया रोग नियंत्रण केंद्र (एनसीडीसी) की ओर से कहा गया है कि बीते साल अक्टूबर में पहली बार बीमारी सामने आई थी। अब हालात यह हैं कि यह नाइजीरिया के 36 राज्यों में से 23 तक फैल चुकी है। इस रोग से लगभग आधी यानी 74 मौत इस वर्ष दर्ज की गई हैं।
इस वजह से हुई हैं मौतें
एनसीडीसी के प्रवक्ता सानी दत्ती ने बताया कि इस बीमारी से होने वाली अधिकतर मौतें मुख्य रूप से संक्रमित लोगों के समय पर स्वास्थ्य केंद्रों में नहीं पहुंचने या देरी से पहुंचने के कारण हुई हैं। वर्तमान में इस प्रकोप ने अफ्रीका के सबसे अधिक आबादी वाले देश को प्रभावित किया है।
खस्ताहाल हैं स्वास्थ्य सेवाएं
नाइजीरिया में स्वास्थ्य सेवाएं फिलहाल खस्ताहाल हैं। फरवरी में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन की ओर से जारी अमेरिकी सहायता में कटौती के बाद नाइजीरिया में संकट और बढ़ गया है। ट्रंप के फरमान का असर नाइजीरिया ही नहीं बल्कि कई अन्य अफ्रीकी देशों पर भी पड़ा है।








