आर्डिनेंस फैक्ट्री की लम्बी छुट्टियां रद्द

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

आर्डिनेंस फैक्ट्री खमरिया

भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव के दौरान बड़ी खबर सामने आ रही है। रक्षा मंत्रालय की मुख्य कंपनी, म्यूनिशन्स इंडिया लिमिटेड ने एमपी के जबलपुर और महाराष्ट्र के चंद्रपुर में स्थित ऑर्डिनेंस फैक्ट्रियों के कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। इसके अलावा सभी कर्मचारियों को रिपोर्ट करने के लिए कहा गया है।

भारतीय सेना के लिए गोला बारूद बनाने वाली रक्षा मंत्रालय की मुख्य कंपनी, म्यूनिशन्स इंडिया लिमिटेड ने देश की आयुध निर्माण कंपनियों के कर्मचारियों की छुट्टी तत्काल रद्द कर दी है। म्यूनिशन्स इंडिया लिमिटेड ने महाराष्ट्र और एमपी की आयुध निर्माण कंपनियों के कर्मचारियों के लिए आदेश जारी किया है। मध्य प्रदेश के जबलपुर ऑर्डिनेंस फैक्ट्री के सभी कर्मचारियों और अधिकारियों की लंबी छुट्टियों को कैंसिल कर दिया गया है। फैक्ट्री के पीआरओ ने इसकी जानकारी दी है। बता दें कि जबलपुर ऑर्डिनेंस फैक्ट्री भारतीय सेना के लिए गोला-बारूद बनाने वाली बड़ी फैक्ट्रियों में से एक है। यह सशस्त्र बलों को गोला-बारुद उपलब्ध कराती है। वहीं इसके पीछे की वजह के बारे में बताया गया है कि उत्पादन के लक्ष्य को पूरा करने के लिए ऐसा कदम उठाया गया है।

दो दिन से ज्यादा की छुट्टी रद्द

दरअसल, मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में आयुध निर्माणी खमरिया (Ordnance Factory Khamaria) में अधिकारियों और कर्मचारियों की लंबी छुट्टियों को रद्द कर दिया गया है। ऐसे में अब यहां कार्यरत कर्मचारी या अधिकारी दो दिन से अधिक की छुट्टियां नहीं ले सकेंगे। यह आदेश शुक्रवार को जारी किया गया और सभी लंबी छुट्टियों को रद्द कर दिया गया। बता दें कि जबलपुर ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में करीब 4,000 लोगों को रोजगार मिलता है। यह म्यूनिशंस इंडिया लिमिटेड (एमआईएल) की सबसे बड़ी इकाइयों में से एक है, जो भारतीय सशस्त्र बलों को गोला-बारूद उपलब्ध कराती है।

उत्पादन लक्ष्य पूरा करना उद्देश्य

वहीं ओएफके के जनसंपर्क अधिकारी अविनाश शंकर ने न्यूज एजेंसी को लंबी छुट्टियां रद्द किए जाने के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा, “उत्पादन लक्ष्य को पूरा करने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की दो दिन से अधिक की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी गई हैं।” पीआरओ अविनाश शंकर ने आगे कहा, “चूंकि इस वित्तीय वर्ष में हमारा लक्ष्य बहुत बड़ा है और अप्रैल में हम अपना वांछित लक्ष्य हासिल नहीं कर पाए हैं, इसलिए इसकी भरपाई के लिए हमें मुख्यालय द्वारा छुट्टियां रद्द करने का निर्देश दिया गया है, ताकि हमारे पास पर्याप्त कार्यबल और पर्यवेक्षण हो।”

महाराष्ट्र की ऑर्डिनेंस फैक्ट्री के कर्मियों की छुट्टियां भी रद्द

वहीं जबलपुर के बाद अब महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में स्थित ऑर्डिनेंस फैक्ट्री को लेकर भी ऐसा ही आदेश जारी किया गया है। भारतीय सेना के लिए गोला बारूद बनाने वाली रक्षा मंत्रालय की मुख्य कंपनी, म्यूनिशन्स इंडिया लिमिटेड ने देश की आयुध निर्माण कंपनियों के कर्मचारियों की छुट्टी तत्काल रद्द कर दी है। इसके तहत अब ऑर्डिनेंस फैक्ट्री चंद्रपुर के कर्मचारियों की छुट्टी भी तत्काल निरस्त करते हुए काम पर लौटने का आदेश जारी किया गया है। यहां चंद्रपुर की ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में काम करने वाले सभी कर्मचारियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी गई हैं। इसके अलावा सभी कर्मचारियों को जल्द से जल्द रिपोर्ट करने के लिए कहा गया है।

भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ा तनाव

दरअसल, एक तरफ पाकिस्तान के नेता आरोप लगा रहे हैं कि भारत उनपर हमला करने की कोशिश कर रहा है। वहीं, दूसरी तरफ पाकिस्तान की सेना खुद ही लगातार जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा यानी LoC पर सीजफायर का उल्लंघन कर रही है। पाकिस्तान की तरफ से बीते 10 दिनों से लगातार सीजफायर का उल्लंघन किया जा रहा है। भारतीय सेना भी पाकिस्तान की फायरिंग का मुंहतोड़ जवाब दे रही है।

Red Max Media
Author: Red Max Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें