

आईपीएल 2025 में सूर्यकुमार यादव शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने अब तक खेले गए 12 मैचों में 510 रन बना चुके हैं।
आईपीएल 2025 के 56वें मैच में मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस की टीमें आमने-सामने हैं। इस मैच में सूर्यकुमार यादव ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। उनसे पहले आज तक कोई भी खिलाड़ी मुंबई के लिए ऐसा नहीं कर पाया था। सूर्यकुमार यादव इस सीजन शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। गुजरात के खिलाफ इस मैच में उन्होंने 35 रनों की पारी खेली और इस दौरान उन्होंने सचिन तेंदुलकर का एक बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया।
सूर्यकुमार यादव ने रच दिया इतिहास
सूर्यकुमार ने 35 रनों की पारी के दौरान इस सीजन में 500 रनों का आंकड़ा पार किया। वह मुंबई इंडियंस के लिए सबसे ज्यादा बार एक सीजन में 500 या उससे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले उन्होंने 2018 और 2023 के आईपीएल सीजन में 500 से ज्यादा रन बनाए थे। यह तीसरी बार हुआ है जब मुंबई इंडियंस के लिए एक सीजन में सूर्यकुमार यादव ने 500 या उससे अधिक रन बनाए हैं। वहीं दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने 2010 और 2011 में मुंबई इंडियंस के लिए 500 से ज्यादा रन बनाए थे। क्विंटन डी कॉक ने भी मुंबई इंडियंस के लिए दो सीजन में 500 से ज्यादा रन बनाए थे। उन्होंने 2019 और 2020 में यह कारनामा किया था।
आईपीएल 2025 में ऑरेंज कैप जीत सकते हैं सूर्यकुमार यादव
आईपीएल 2025 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में सूर्यकुमार यादव नंबर 1 पर हैं। उन्होंने 12 मैचों में 510 रन बनाए हैं। वह अब तक 3 अर्धशतक लगा चुके हैं। वहीं दूसरे नंबर पर विराट कोहली हैं, जिन्होंने 505 रन बनाए हैं और तीसरे नंबर पर साई सुदर्शन का नाम है, जो अब तक 504 रन बना चुके हैं। इसी मैच में साई सुदर्शन के पास सूर्यकुमार यादव से आगे निकलने का मौका होगा। उन्हें सूर्या से आगे निकलने के लिए 7 रन बनाने होंगे। अगर सूर्यकुमार यादव आने वाले मैचों में भी इसी फॉर्म को बरकरार रखते हैं तो वह इस सीजन ऑरेंज कैप जीत सकते हैं।
