
कश्मीर में कई स्लीपर सेल पाकिस्तान में बैठे अपने आकाओं के सीधे संपर्क में थे। ऐसे में पुलिस ने स्लीपर सेल मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है।
जम्मू-कश्मीर की राज्य जांच एजेंसी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दक्षिण कश्मीर में 20 स्थानों पर छापेमारी कर स्लीपर सेल मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान, काफी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री जब्त की गई है और संदिग्धों को आगे की पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
इस तरह करते थे आतंक के आकाओं की मदद
तकनीकी खुफिया जानकारी से संकेत मिला है कि कश्मीर में कई स्लीपर सेल पाकिस्तान में बैठे अपने आकाओं के सीधे संपर्क में थे और व्हाट्सएप, टेलीग्राम, सिग्नल आदि मैसेजिंग ऐप के माध्यम से सुरक्षा बलों और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों के बारे में संवेदनशील और रणनीतिक जानकारी देने में शामिल थे। ये आतंकी सहयोगी लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मुहम्मद के आतंकवादी कमांडरों के इशारे पर ऑनलाइन कट्टरपंथी प्रचार में भी शामिल थे, जो राष्ट्रीय सुरक्षा और अखंडता को प्रभावित कर रहा था।
पहलगाम आतंकी हमले के बाद से सुरक्षाबल अलर्ट
गौरतलब है कि कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को आतंकियों ने हमला कर दिया था। इस आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत हो गई थी। इस हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ सख्त रुख अपनाया था और पाकिस्तान के 9 आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया था। भारत की इस कार्रवाई से पाकिस्तान बौखला गया था और भारत के खिलाफ हमले करने लगा था। इसके बाद भारत ने पाकिस्तान के 11 एयरबेस को तबाह कर दिया था। मामले को बढ़ता देख अमेरिका को हस्तक्षेप करना पड़ा था, जिसके बाद दोनों देशों के बीच सीजफायर हो गया है और अब फिलहाल शांति है।
राजनाथ सिंह का सामने आया बयान
रक्षा मंत्री राजनाथ ने कहा, ‘पहलगाम का बदला ले लिया गया। सिंदूर मिटाने वालों से बदला ले लिया गया। आतंकियों को मार गिराया गया। पाकिस्तानी आर्मी के मुख्यालय तक भारत की धमक है। हमने रावलपिंडी तक धमाका किया है। पाकिस्तान के अंदर आतंकी अड्डे उड़ाए हैं। पाकिस्तान के अंदर घुसकर मल्टीपल स्ट्राइक किए। जिस परिस्थिति से हम गुजर रहे हैं इसलिए मैं लखनऊ नहीं आ पाया।’








