सीएम रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को जारी की चेतावनी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सीएम रेखा गुप्ता

दिल्ली में जलभराव को लेकर CM रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को चेतावनी जारी की है। सीएम ने कहा कि जलभराव हुआ तो अधिकारियों पर कार्रवाई होगी, इसलिए सभी अपना काम ठीक से करें।

दिल्ली में बीते कुछ समय से भारी बारिश देखी जा रही है। बारिश के पानी के चलते कुछ इलाकों में जलभराव भी देखने को मिला है। अब दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जलभराव के मुद्दे पर एक्शन मोड में आ गई हैं। सीएम रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अधिकारियों को जिन इलाकों की जिम्मेदारी मिली है, वहां से अगर जलभराव की सूचना मिलती है तो उन अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारी अपना काम ठीक से करें- सीएम रेखा गुप्ता

सीएम रेखा गुप्ता सोमवार को अपने निर्वाचन उत्तरी दिल्ली के शालीमार बाग में पहुंची थीं। यहां उन्होंने सीवर, गैस और पानी की पाइपलाइनों का उद्घाटन किया। इस दौरान सीएम रेखा ने चेतावनी देते हुए कहा कि “मैं चाहती हूं कि जलभराव वाले स्थानों की निगरानी करने वाले अधिकारी अपना काम ठीक से करें, नहीं तो उन पर कार्रवाई की जा सकती है।”

अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई

दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने जानकारी दी है कि बीते महीने दिल्ली में अधिकारियों को हर जलभराव वाले स्थान की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। सीएम ने बारिश में मिंटो ब्रिज अंडरपास के जलमग्न होने की घटना पर भी बात की है। उन्होंने जानकारी दी है कि अंडरपास के जलमग्न होने पर अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी।

सीएम ने आम आदमी पार्टी पर लगाया आरोप

सीएम रेखा गुप्ता ने सोमवार को आम आदमी पार्टी पर व्हाट्सएप के माध्यम से झुग्गी बस्तियों को तोड़े जाने के बारे में झूठ फैलाने का आरोप भी लगाया है। सीएम रेखा ने साफ तौर पर कहा कि शहर में कोई भी झुग्गी-झोपड़ी तब तक नहीं तोड़ी जाएगी, जब तक वहां के स्थायी मकान नहीं मुहैया कराए जाते। सीएम रेखा ने कहा- “मैं झुग्गीवासियों से वादा करती हूं कि आपको पक्के मकान मुहैया कराए जाएंगे और तब तक आप अपनी झुग्गियों में सभी सुविधाओं के साथ सुरक्षित रहेंगे।”

Red Max Media
Author: Red Max Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें