दुनिया के नंबर-1 खिलाड़ी से हारे वर्ल्ड चैंपियन गुकेश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कार्लसन और गुकेश
वर्ल्ड के नंबर एक खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन ने नॉर्वे शतरंज टूर्नामेंट के पहले दौर में मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन डी गुकेश को रोमांचक मुकाबले में हराकर पूरे तीन अंक हासिल किए।
दुनिया के नंबर-1 शतरंज खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन ने नॉर्वे शतरंज टूर्नामेंट के पहले दौर में भारत के मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन डी गुकेश को बेहद रोमांचक मुकाबले में शिकस्त दी। मुकाबले में कार्लसन ने अंतिम क्षणों में अपनी शानदार रणनीति का परिचय देते हुए 55 चालों में जीत हासिल की।

4 घंटे से अधिक चले इस क्लासिकल मुकाबले में गुकेश ने अधिकतर समय कार्लसन को दबाव में रखा, लेकिन एक अहम गलती ने उनके हाथ से जीत छीन ली। इस जीत से कार्लसन ने पूरे तीन अंक हासिल किए और अमेरिकी ग्रैंडमास्टर हिकारू नाकामुरा के साथ संयुक्त बढ़त बनाई, जिन्होंने फैबियानो कारुआना को मात दी।

टूर्नामेंट में हिस्सा ले रहे चोटी के खिलाड़ी 

काले मोहरों से खेल रहे गुकेश ने 11वीं चाल तक अपने प्रतिद्वंद्वी की सफेद मोहरों की बढ़त को बेअसर कर दिया था, जब उन्होंने नॉर्वे के खिलाड़ी को 15 मिनट से अधिक समय तक सोचने पर मजबूर कर दिया था। लेकिन अब रैपिड और ब्लिट्ज जैसे छोटे प्रारूपों में तथा हाल ही में फ्रीस्टाइल शतरंज में खेलने लगे 34 वर्षीय कार्लसन ने 55 चाल में जीत हासिल करके दिखा दिया कि उन्होंने क्लासिकल प्रारूप के साथ अपना संपर्क नहीं खोया है। इस टूर्नामेंट में ओपन और महिला वर्ग में चोटी के 6-6 खिलाड़ी भाग में रहे हैं।

टूर्नामेंट में हिस्सा ले रहे दूसरे भारतीय खिलाड़ी अर्जुन एरिगैसी ने चीन के नंबर-1 ग्रैंडमास्टर वेई यी को आर्मागेडन मुकाबले में हराया। दोनों के बीच क्लासिकल बाजी 54 चालों में ड्रॉ रही थी। आर्मागेडन में जीत से अर्जुन को 1.5 अंक मिले, जबकि वेई यी के खाते में 1 अंक गया।

कोनेरू हम्पी को भी मिली जीत

दो बार की वर्ल्ड रैपिड चैंपियन कोनेरू हम्पी ने भी भारतीय खिलाड़ी आर वैशाली के खिलाफ निर्णायक मुकाबला जीत लिया। मुकाबला काफी संतुलित चल रहा था, लेकिन आखिर में वैशाली की एक चूक का फायदा उठाकर हम्पी ने बाजी अपने नाम कर ली। टूर्नामेंट में अब अगला मुकाबला दूसरे दौर में अर्जुन एरिगैसी और डी गुकेश के बीच खेला जाएगा, जिस पर सबकी निगाहें टिकी होंगी।

Red Max Media
Author: Red Max Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें