
राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में बुधवार को तेज उमस और गर्मी के बाद शाम ढलते-ढलते अचानक मौसम में बदलाव हुआ। तेज अंधड़ के साथ हुई मूसलाधार बारिश के कारण ब्यावर-भीलवाड़ा नेशनल हाईवे पर टोल प्लाजा की छत ही उड़ गई।
नौतपा में गर्मी का कहर जारी है। दिन भर उमस व तेज गर्मी के कारण आम जन जीवन प्रभावित नजर आ रहा है। राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में बुधवार को तेज उमस और गर्मी के बाद शाम ढलते-ढलते अचानक मौसम में बदलाव हुआ। भीलवाड़ा जिले के आसींद क्षेत्र में तेज अंधड़ के साथ मूसलाधार बारिश हुई जिसके कारण ब्यावर-भीलवाड़ा नेशनल हाईवे पर जिवलिया गांव के निकट टोल प्लाजा के ऊपर टीन चद्दर उड़ गए।
आधा दर्जन वाहनों के कांच फूटे
बुधवार शाम में भीलवाड़ा जिले के आसींद, माण्डल सहित भीलवाड़ा जिला मुख्यालय पर जमकर बारिश हुई। माण्डल और आसींद क्षेत्र में बारिश के साथ तेज हवा होने के कारण ब्यावर भीलवाड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर जिवलिया गांव के निकट स्थित टोल टैक्स के टीन चद्दर उड़ गए। अचानक चद्दर उड़ने से वहां खड़े व्यक्ति सहम गए। हवा तेज होने के कारण हाइवे से दूर जाकर चद्दर गिरे जिससे कोई जनहानि नहीं हुई लेकिन लगभग आधा दर्जन वाहनों में कुछ जगह कांच फूटने की घटना जरूर सामने आई।








