वर्ल्ड रिकॉर्ड से भी बहुत आगे निकल गए सूर्यकुमार यादव

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सूर्यकुमार यादव
सूर्यकुमार यादव ने एक बार फिर से कमाल की बल्लेबाजी एलिमिनेटर में गुजरात टाइटंस के खिलाफ की। उन्होंने 20 बॉल पर 33 रनों की विस्फोटक पारी खेली।

सूर्यकुमार यादव इस साल के आईपीएल में जबरदस्त फार्म में नजर आए हैं। उन्होंने कोई बहुत बड़ी पारी तो नहीं खेली, लेकिन छोटी छोटी विस्फोटक पारियों से उन्होंने अपनी टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका अदा की। इस बीच सूर्यकुमार यादव ने एक ऐसा कीर्तिमान बना दिया है, जिसे तोड़ना करीब करीब नामुमकिन सा होगा। वे वर्ल्ड रिकॉर्ड तो पहले ही बना चुके थे, लेकिन अब उससे भी कहीं आगे निकल चुके हैं।

गुजरात टाइटंस के खिलाफ सूर्या ने कितने रन की पारी खेली?

गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेले गए आईपीएल के एलिमिनेटर मुकाबले में सूर्या ने केवल 20 बॉल पर 33 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। इस दौरान उन्होंने तीन छक्के और एक चौका लगाया। सूर्या इस पूरे आईपीएल में एक भी बार 25 से कम के स्कोर पर आउट नहीं हुए, इससे कहीं अधिक रन उन्होंने हर बार बनाए हैं। सूर्या ने पिछले ही मैच में साउथ अफ्रीका के टेम्बा बावुमा का रिकॉर्ड तोड़ा था, जिन्होंने टी20 मुकाबले में लगातार 14 बार 25 रन से अधिक का स्कोर बनाया था। इस बार वे 15वीं बार ऐसा करने में कामयाब रहे हैं।

एक टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा बार 25 से अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज

इस बीच अगर एक टी20 टूर्नामेंट में लगातार 25 से ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की बात की जाए तो वहां पर सूर्या ने पहले नंबर की कुर्सी पर कब्जा जमा लिया है। उन्होंने इसी साल के आईपीएल में 15 बार ऐसा किया है। इससे पहले साल 2018 के आईपीएल में केन विलियमसन ने लगातार 13 बार 25 से अधिक रन बनाए थे, वहीं साल 2023 के आईपीएल में शुभमन गिल ने लगातार 13 बार 25 से अधिक रन बनाने में सफलता हासिल की थी। इसके बाद ये सिलसिला टूट गया था। लेकिन सूर्या का जारी है। अभी तो उन्हें आईपीएल में कुछ और मैच खेलने का मौका मिलेगा, इसमें देखना होगा कि क्या वे और भी कुछ कीर्तिमान बनाते हैं।

ऑरेंज कैप की रेस में भी दावेदारी ठोक रहे हैं सूर्यकुमार यादव?

सूर्यकुमार यादव ने इस साल आईपीएल में अब तक 15 मैच खेलकर 673 रन बना दिए हैं। इसमें 5 अर्धशतक भी शामिल हैं। सूर्या ने इस साल 67.30 के औसत और 167.83 के स्ट्राइक रेट से रन बनाने का काम अपनी टीम के लिए किया है। वे इस वक्त ऑरेंज कैप की रेस में भी अपनी दावेदारी ठोक रहे हैं। उनसे आगे केवल साई सुदर्शन हैं, जो 700 से ज्यादा रन बना चुके हैं। हालांकि इसके बाद भी सूर्या के पास मौका है कि वे ऑरेंज कैप अपने नाम करें।

Red Max Media
Author: Red Max Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें