अमेरिका में करोड़ों मधुमक्खियों से भरा ट्रक पलटा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अमेरिका में करोड़ों मधुमक्खियों से भरा ट्रक पलटा

ट्रक पलटने के बाद हादसे वाली जगह को सील कर दिया गया है और आम लोगों को इस जगह से दूर रहने के लिए कहा गया है। अधिकारियों ने बताया कि उनकी कोशिश ज्यादा से ज्यादा मधुमक्खियों को बचाने की है।

अमेरिका के वाशिंगटन में शुक्रवार को लाखों मधुमक्खियों से भरा एक ट्रक पलट गया। इसके बाद बड़ी संख्या में मधुमक्खियां ट्रक से भाग निकलीं। ऐसे में अधिकारियों को स्थानीय लोगों के लिए चेतावनी जारी करनी पड़ी। अधिकारियों ने जनता को मधुमक्खियों के झुंड से दूर रहने की चेतावनी दी है। मधुमक्खियों को काबू करने के लिए आपातकालीन अधिकारियों के पास भी कोई खास तरकीब नहीं थी। ऐसे में कई कुशल मधुमक्खी पालकों ने अधिकारियों की मदद की।

कनाडा सीमा के पास हुआ हादसा

हादसे का शिकार हुआ ट्रक लगभग 70,000 पाउंड (31,750 किलोग्राम) मधुमक्खियों के छत्तों को ले जा रहा था। सभी छत्तों में मधुमक्खियां रह रही थीं। हादसा कनाडा की सीमा के पास हुआ, जहां ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। घटना के तुरंत बाद वॉटकॉम काउंटी शेरिफ कार्यालय ने कहा कि उनका लक्ष्य ज्यादा से ज्यादा मधुमक्खियों को बचाना है। अधिकारियों ने कहा कि हादसे वाली जगह बचाव कार्य पूरा होने तक बंद रहेगी।

हवा में घूम रहीं करोड़ों मधुमक्खियां

वॉटकॉम काउंटी शेरिफ कार्यालय ने लोगों से मधुमक्खियों के भागने और झुंड में इकट्ठा होने की संभावना के कारण हादसे वाली जगह के आसपास जाने से बचने का आग्रह किया। शुरुआत में कहा गया कि हादसे वाली जगह में 250 मिलियन (25 करोड़) मधुमक्खियां हवा में खुली घूम रही थीं। हालांकि, मधुमक्खियों को दोबारा छत्तों तक पहुंचने में लगे एक मधुमक्खी पालक ने कहा कि ट्रक से भागी मधुमक्खियों की संख्या 14 मिलियन (1.4 करोड़) के करीब थी, जो शुरुआती आंकड़े की तुलना में बेहद कम है।

24-48 घंटों में छत्तों में लौट जाएंगी मधुमक्खियां

वॉटकॉम काउंटी शेरिफ कार्यालय ने कहा कि उनका उद्देश्य मधुमक्खियों को दोबारा छत्ते में लौटने का समय और मौका देना है, ताकि वह दोबारा अपनी रानी मधुमक्खी को खोज सकें। अधिकारियों ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि अगले 24-48 घंटों के भीतर मधुमक्खियां अपने छत्तों तक वापस लौट आएंगी। शुक्रवार को बाद में सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई जानकारी में पुलिस ने मधुमक्खी पालकों को धन्यवाद देते हुए कहा कि दो दर्जन से अधिक लोग बचाव में मदद के लिए पहुंचे थे।

वीडियो में ट्रक के चारों तरफ दिखा मधुमक्खियों का झुंड

वॉटकॉम काउंटी शेरिफ कार्यालय ने फेसबुक पर लिखा, “सुबह तक अधिकांश मधुमक्खियां अपने छत्तों में वापस लौट चुकी होंगी।” पुलिस द्वारा साझा किए गए फुटेज में पलटी हुई लॉरी के चारों ओर बड़ी संख्या में मधुमक्खियां झुंड में दिखाई दे रही हैं। अमेरिका में कुछ मधुमक्खी पालक केवल शहद का उत्पादन करने के लिए उन्हें पालते हैं। वहीं, कई अन्य मधुमक्खी पालक अपने छत्तों को उन किसानों को किराये पर देते हैं, जिन्हें अपनी फसलों के परागण (पेड़ों के प्रजनन की प्रक्रिया) के लिए कीटों की आवश्यकता होती है।

Red Max Media
Author: Red Max Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें