
प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन टीएसपीसी के सदस्यों ने झारखंड के हजारीबाग पगार ओपी थाना क्षेत्र के केरेडारी में रविवार, 1 जून की रात करीब 8 बजे हिंसक वारदात को अंजाम दिया।
प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन टीएसपीसी के सदस्यों ने झारखंड के हजारीबाग पगार ओपी थाना क्षेत्र के केरेडारी में रविवार 1 जून की रात करीब 8 बजे हिंसक वारदात को अंजाम दिया। संगठन से जुड़े उग्रवादियों ने केडी कोल परियोजना में कार्यरत बीजीआर कंपनी के दो भारी वाहनों को निशाना बनाया।
पहले उन्होंने वाहनों पर अंधाधुंध फायरिंग की और बाद में उन्हें आग के हवाले कर दिया। फायरिंग में एक युवक के घायल होने की खबर है। आग से दोनों वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
घटनास्थल से टीएसपीसी के सब-जोनल कमांडर कौशल जी का कथित पत्र बरामद किया गया। पत्र में एनटीपीसी, सीसीएल और एलएंडटी समेत डीओ धारक कंपनियों को संगठन से पूर्व वार्ता किए बिना कोई भी परिचालन शुरू न करने की चेतावनी दी गई है।
पत्र में आगे धमकी दी गई है कि इन निर्देशों का पालन न करने पर भविष्य में और भी गंभीर घटनाएं हो सकती हैं, जिसके लिए संबंधित कंपनियां पूरी तरह जिम्मेदार होंगी। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और आरोपियों को पकड़ने के लिए सघन अभियान चलाया जा रहा है।








