
फेमस टीचर और सोशल मीडिया सेंसेशन खान सर की रिसेप्शन पार्टी आलिशान तरीके से पटना में हुई। इस दौरान खान सर को मुबारकबाद देते हुए तेजस्वी ने उनसे निकाह के बारे में पूछा। इस पर खान सर ने जो जवाब दिया उसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
पटना के चर्चित शिक्षक और फेमस यूट्यूबर खान सर ने गुपचुप तरीके से शादी रचाने के बाद बीते दिन राजधानी के लग्जरी होटल में रिसेप्शन पार्टी दी। इस रिसेप्शन पार्टी में खान सर को बधाई देने के लिए देश और बिहार के कई बड़े चेहरे पहुंचे। इसमें बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव भी आशीर्वाद देने के लिए पहुंचे। इस दौरान खान सर ने अपनी शादी को लेकर एक दिलचस्प खुलासा किया है।
तेजस्वी के सवाल पर क्या बोले खान सर?
खान सर को मुबारकबाद देते हुए तेजस्वी ने उनसे निकाह के बारे में पूछा। उन्होंने कहा बियाह कब हुआ आपका? इसके जवाब में हंसते हुए खान सर ने सच्चाई बताई। खान सर ने कहा, ”जब इंडिया पाकिस्तान का युद्ध चल रहा था, आप ही का मॉडल हमने अपनाया सर, चुपचाप से करके बाद में बताना है।” ये सुनकर तेजस्वी हैरान रह गए और माहौल हंसी में बदल गया। खान सर ने बताया कि शादी में सिर्फ 12-13 लोग ही शामिल थे और बाद में सबको जानकारी दी गई। तेजस्वी और खान सर की मजेदार बातचीत का यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
स्टूडेंट्स के लिए पार्टी कब?
बता दें कि खान सर ने भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच चुपके से शादी कर ली थी और इसकी जानकारी उन्होंने क्लास में बच्चों को पढ़ाते समय दी थी। उन्होंने बताया था कि उन्होंने एएस खान नाम की लड़की से निकाह किया है। जिसके बाद उस क्लास की वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। तब जाकर दुनिया वालों को इस शादी के बारे में पता चला। उस वायरल वीडियो में खान सर ने अपने स्टूडेंट्स के लिए एक अलग से पार्टी रखने की भी घोषणा की थी। जहां उन्होंने अपने छात्रों के साथ मिलकर पार्टी की तारीख 6 जून को तय की है।
2 जून को हुए रिसेप्शन में शिक्षा जगत के कई लोग और राजनीति जगत के नेता शामिल हुए। सभी ने खान सर को बधाई दी।








