
तेलंगाना के राजोली मंडल के पेड्डा धनवाड़ा गांव के किसान इथेनॉल प्लांट लगाने का विरोध कर रहे हैं.
तेलंगाना के राजोली मंडल के पेड्डा धनवाड़ा गांव में प्रस्तावित इथेनॉल प्लांट लगाने के खिलाफ मंगलवार को किसानों के विरोध प्रदर्शन के बाद गांव तनाव व्याप्त हो गया. किसानों का कहना है कि प्लांट के लगने के बाद गांव में पानी की कमी और प्रदूषण समेत कई अन्य समस्याएं सामने आएगी.
पेड्डा धनवाड़ा, जोगुलम्बा गड़वाल के किसानों और ग्रामीणों ने पर्यावरण प्रदूषण, पानी की कमी और कृषि को होने वाले नुकसान के डर से प्रस्तावित इथेनॉल प्लांट के खिलाफ विरोध प्रदर्शन तेज कर दिया. किसानों का कहना है कि फैक्टरी स्थापित करने को लेकर गुप्त रूप से काम फिर से शुरू किए गए जिससे लोगों में रोष है. इस विरोध प्रदर्शन का राजनीतिक समर्थन भी मिला.
गांव में उस वक्त तनाव व्याप्त हो गया जब सैकड़ों किसानों ने एक इथेनॉल कंपनी द्वारा इसके संयंत्र स्थापना किए जाने खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन किया. स्थिति तब हिंसक हो गई जब गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने कंपनी के वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया और निर्माण स्थल पर टेंट और कंटेनर बॉक्स में आग लगा दी.
साइट पर काम कर रहे मजदूरों को भी कथित तौर पर उत्तेजित भीड़ ने भगा दिया. किसान इस परियोजना का विरोध कर रहे हैं. उनका कहना है कि इससे पर्यावरण को नुकसान पहुंचेगा. साथ ही भूजल और कृषि आजीविका के नुकसान को लेकर भी आशंका व्यक्त की गई.
हालात को देखते हुए पुलिस बल तैनात किए गए लेकिन प्रदर्शनकारियों की भारी संख्या के कारण वे बेबस नजर आए. अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ को तितर-बितर करने में असफल रहे. कहा जा रहा है कि इलाके बुधवार को भी तनाव रहा. स्थानीय नेता और अधिकारी पीड़ित किसानों को शांत करने और व्यवस्था बहाल करने की कोशिश में जुटे हैं.








