
महुआ मोइत्रा ने जर्मनी में एक निजी समारोह में पूर्व सांसद पिनाकी मिश्रा से शादी रचा ली है। शादी की सामने आई तस्वीर में महुआ मोइत्रा सुनहरे और हल्के गुलाबी रंग की साड़ी पहनी हुई है।
तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद महुआ मोइत्रा ने एक निजी समारोह में बीजू जनता दल (BJD) के पूर्व सांसद पिनाकी मिश्रा से शादी कर ली है। महुआ मोइत्रा ने जर्मनी में 3 मई को शादी रचाई।
जर्मनी में गुपचुप रचाई शादी
महुआ मोइत्रा की शादी की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इस तस्वीर में महुआ मोइत्रा ने सुनहरे और हल्के गुलाबी रंग की साड़ी पहनी हुई है। हालांकि, इस शादी को लेकर अभी तक महुआ मोइत्रा या पिनाकी मिश्रा की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
किससे हुई थी पहली शादी?
बता दें कि महुआ मोइत्रा की पहली शादी डेनिश फाइनेंसर लार्स ब्रोरसन से हुई थी। बाद में उनका तलाक हो गया।
दो बार की सांसद महुआ मोइत्रा
50 वर्षीय सांसद महुआ मोइत्रा कृष्णा नगर से सांसद हैं। महुआ मोइत्रा का जन्म 12 अक्टूबर 1974 को असम में हुआ था। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टमेंट बैंकर के तौर पर की थी। वह 2010 में तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुईं और 2019 में पहली बार सांसद चुनी गईं। इसके बाद उन्होंने 2024 में भी जीत हासिल की। वह पश्चिम बंगाल के कृष्णानगर से दो बार की सांसद हैं और अपने जोरदार भाषणों के लिए जानी जाती हैं।
कौन हैं पिनाकी मिश्रा?
65 वर्षीय पिनाकी मिश्रा का जन्म 1959 में हुआ था, जो बीजेडी के एक वरिष्ठ नेता हैं। वह पहली बार 1996 में सांसद चुने गए थे और फिर 2009 से 2024 तक सांसद रहे। पिनाकी सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता भी हैं और उनका राजनीतिक और कानूनी करियर लगभग तीन दशकों का है। वह कई अहम समितियों के सदस्य भी रह चुके हैं।
कांग्रेस से शुरू किया था सियासी सफर
दोनों ही अपने-अपने क्षेत्रों में प्रतिष्ठित और प्रभावशाली माने जाते हैं। पिनाकी मिश्रा ने अपने सियासी करियर की शुरुआत कांग्रेस पार्टी से की थी। वर्ष 1996 में उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा चुनाव जीता। बाद में उन्होंने बीजू जनता दल का दामन थाम लिया और पुरी से 2009, 2014 और 2019 में लगातार सांसद चुने गए। 2019 में उन्होंने बीजेपी के नेता संबित पात्रा को शिकस्त दी थी। 2024 में नवीन पटनायक ने उनका टिकट काट दिया और पुरी से अरुप पटनायक को उम्मीदवार बना दिया था।








