गोरखपुर में सीएम योगी ने की समीक्षा बैठक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बकरीद पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश
गोरखनाथ मंदिर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बकरीद की तैयारियों और विश्व योग दिवस के आयोजन को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने बकरीद पर शांति व्यवस्था बनाए रखने और प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी रोकने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने विकास परियोजनाओं को समय पर पूरा करने और अपराध पर जीरो टॉलरेंस नीति बनाए रखने पर जोर दिया। आयुष विश्वविद्यालय का निर्माण कार्य जल्द पूरा करने को कहा।

 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बकरीद को लेकर प्रशासन और पुलिस की तैयारी की जानकारी लेने के साथ ही निर्देश दिया कि शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार को संपन्न कराया जाए। इसमें किसी किसी भी स्तर पर शिथिलता नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि बकरीद पर कुर्बानी पूर्व निर्धारित स्थलों पर ही होनी चाहिए और प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पर रोक को सख्ती से लागू किया जाए। त्योहार पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था के साथ ही कुर्बानी के बाद अपशिष्ट निस्तारण की सुनियोजित व्यवस्था रहे। नमाज परंपरागत स्थलों पर ही हो। सड़क मार्ग अवरुद्ध कर नमाज की अनुमति न हो। उन्होंने कहा कि हर पर्व-त्योहार पर आस्था का सम्मान हो, लेकिन नई परंपरा की अनुमति नही मिलनी चाहिए।

 

दो दिवसीय दौरे पर गुरुवार की शाम गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री, मंदिर में अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने विकास कार्यों, कानून व्यवस्था, आगामी पर्व-त्योहार और प्रस्तावित आयोजनों की समीक्षा की और अफसरों को जरूरी निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्व योग दिवस (21 जून) के 11वें संस्करण को वृहद रूप में मनाने की व्यापक तैयारी अभी से शुरू कर दी जाए। जिले में मुख्य कार्यक्रम के लिए बड़े और बेहतरीन स्थल को जल्द से जल्द चिह्नित कर लिया जाए। 

उन्होंने कहा कि योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम, जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सहभागिता होगी, का सीधा प्रसारण सभी प्रमुख स्थलों पर किया जाना सुनिश्चित किया जाए। योग दिवस से अधिकाधिक नागरिकों को जोड़ने के लिए जन जागरूकता अभियान चलाया जाए। 

समय से पूरी हो विकास परियोजनाएं 

विकास परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी परियोजनाएं तय समय में गुणवत्ता के साथ पूर्ण हों। बरसात शुरू होने पर कुछ निर्माण प्रभावित होने लगते हैं, इसलिए यहां मानसून की दस्तक से पहले काम में और तेजी लाने की जरूरत है। 

जलभराव की समस्या दूर करने के लिए अब तक किए गए कार्यों की जानकारी लेने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि बरसात होने पर कहीं भी जलभराव न होने पाए। जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए पिछले कुछ वर्षों में काफी अच्छा काम हुआ है, इसे लगातार उत्कृष्टता की ओर ले जाने की आवश्यकता है। 

समय रहते सभी नालों की सफाई का काम पूरा करने का निर्देश देने के साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए गोड़धोइया नाला परियोजना पर गंभीरता से ध्यान देकर इसे जल्द पूर्ण कराने का प्रयास हो। 

अपराध-अपराधियों पर जीरो टालरेंस नीति बरकरार रखें 

कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टालरेंस नीति बरकरार रहनी चाहिए। माफिया और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का क्रम थमना नहीं चाहिए। हर छोटी घटना को भी गंभीरता से लेकर उस पर कार्रवाई करने की आवश्यकता है। 

बैठक में एडीजी जोन डा. केएस प्रताप, कमिश्नर अनिल ढींगरा, डीआइजी एस. चिनप्पा, जिलाधिकारी कृष्णा करुणेश, एसएसपी राजकरन नैयर, नगर आयुक्त गौरव सोगरवाल, सीईओ गीडा अनुज मलिक, जीडीए उपाध्यक्ष आनंद वर्द्धन, एसपी सिटी अभिनव त्यागी, सीडीओ शाश्वत त्रिपुरारी, डीएफओ विकास यादव, उप निदेशक पर्यटन रविंद्र मिश्रा आदि मौजूद रहे। 

जल्द पूरा करें आयुष विश्वविद्यालय का निर्माण कार्य 

गोरखनाथ मंदिर में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भटहट के पिपरी में बन रहे प्रदेश के पहले आयुष विश्वविद्यालय के निर्माण की अद्यतन स्थिति पूछी। उन्हें बताया गया कि 95 प्रतिशत से अधिक कार्य पूर्ण हो गया है। 

सिर्फ फिनिशिंग से जुड़े कार्य बचे हैं और उन्हें भी तेजी से पूरा कराया जा रहा है। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष विश्वविद्यालय के सभी कार्य जल्द से जल्द पूर्ण करा लिए जाएं। मुख्यमंत्री शुक्रवार को आयुष विश्वविद्यालय का दौरा कर खुद निर्माण कार्यों का जायजा ले सकते हैं।

Red Max Media
Author: Red Max Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें