
सहारनपुर के देवबंद क्षेत्र में अचिन त्यागी और उसके साथियों ने दिनदहाड़े 15 राउंड से अधिक फायरिंग कर दहशत फैलाई। इस घटना में संजय त्यागी नाम का शख्स घायल हुआ। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर अन्य की तलाश शुरू कर दी है।
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के देवबंद कोतवाली क्षेत्र के लखनौती गांव में गुरुवार को दिनदहाड़े हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में दहशत का माहौल बन गया। इस घटना में बदमाश अचिन त्यागी और उसके 12 से अधिक हथियारबंद साथियों ने गांव में 15 राउंड से ज्यादा फायरिंग की, जिसमें संजय त्यागी नामक व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने इस मामले में अचिन त्यागी समेत 5 नामजद और 6 से अधिक अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
अचिन त्यागी, साथियों ने क्यों चलाईं गोलियां?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अचिन त्यागी का रिश्ते में फूफा लगने वाले संजय त्यागी के साथ पैसों के लेन-देन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इस विवाद के चलते दोनों के बीच कई बार बहस हो चुकी थी। बताया जाता है कि अचिन त्यागी ने संजय को धमकी दी थी। गुरुवार को अचिन अपने गैंग के साथ 5 से ज्यादा बाइकों पर सवार होकर लखनौती गांव पहुंचा। कई बदमाशों ने चेहरों पर नकाब बांध रखा था। उन्होंने न केवल खुलेआम फायरिंग की, बल्कि अवैध असलहे, बंदूकें, कट्टे और लोहे की पाइप लहराकर दहशत भी फैलाई। एक बदमाश ने तो एक हाथ में कट्टे से फायरिंग की, जबकि दूसरे हाथ में बोरी में लपेटी बंदूक पकड़ रखी थी।
बदमाशों ने खुद बनाया घटना का वीडियो
इस घटना का वीडियो बदमाशों ने स्वयं बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो में 13 सेकेंड के भीतर 8 राउंड फायरिंग की आवाज सुनाई दे रही है। इस गोलीबारी में संजय त्यागी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलते ही सहारनपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। वायरल वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और बाकी की तलाश के लिए इलाके में कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।








