
गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट पुलिस ने ईद पर शांति बनाए रखने के लिए 9 जून तक धारा 163 लागू की है। जिले में प्रदर्शन और सार्वजनिक स्थानों पर नमाज पर रोक रहेगी। पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किया है। अफवाह फैलाने और प्रतिबंधित पशु की कुर्बानी देने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था राजीव नारायण मिश्रा ने बताया कि गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट में किसानों के साथ-साथ विभिन्न संगठनों द्वारा धरना प्रदर्शन करना प्रस्तावित था जबकि शनिवार को जिले में ईद का त्योहार मनाया जाएगा। जिले की शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका है।
किसी भी तरह के आदेश का उल्लंघन होने पर कार्रवाई की जाएगी। उधर, अपर पुलिस आयुक्त ने बताया कि ईद को लेकर तीनों जोन में अधिकारियों और पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई हैं। मिश्रित आबादी वाले इलाकों में क्यूआरटी के अलावा पीएससी तैनात रहेगी।
प्रतिबंधित पशु की कुर्बानी देने पर होगी कार्रवाई
डीसीपी नोएडा यमुना प्रसाद ने बताया कि ईद के त्योहार को देखते संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल को तैनात किया गया है। शांति समिति की बैठक के अलावा थाना व चौकी क्षेत्र में गश्त कराई जा रही है। इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म पर लगातार मानिटरिंग की जा रही है।
लोगों से अपील की जा रही है कि त्योहार पर किसी भी तरह की अफवाह नहीं फैलाएं। ऐसा करने वालों की तत्काल पुलिस को सूचना दें। उन्होंने चेतावनी देते हुए बताया कि ईद पर प्रतिबंधित पशु की कुर्बानी नहीं दी जाए। ऐसा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।








