
फ्रेंच ओपन के महिला सिंगल्स फाइनल में वर्ल्ड नंबर-2 खिलाड़ी कोको गॉफ ने आर्यना सबालेंका को तीन सेटों तक चले मैच में 2-1 से मात देने के साथ अपने करियर में पहली बार फ्रेंच ओपन खिताब जीतने में सफलता हासिल की है।
फ्रेंच ओपन महिला सिंगल्स का फाइनल मुकाबला 7 जून को फिलिप चैटरियर कोर्ट पर वर्ल्ड नंबर-1 आर्यना सबालेंका और नंबर-2 कोको गॉफ के बीच खेला गया। इस मैच में दोनों ही प्लेयर्स के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिली जिसमें कोको गॉफ ने अंत में तीन सेट तक चले मैच को 2-1 से अपने नाम किया और करियर में पहला फ्रेंच ओपन खिताब जीता। कोको गॉफ का ये उनके टेनिस करियर का दूसरा ग्रैंडस्लैम टाइटल भी है।
अमेरिका की 21 साल के टेनिस खिलाड़ी कोको गॉफ ने अपने टेनिस करियर में दूसरी बार फ्रेंच ओपन के महिला सिंगल्स के फाइनल मुकाबले में जगह बनाई है, जिसमें उन्होंने जब इससे पहले साल 2022 वह खिताबी मैच में पहुंची थी तो उन्हें इगा स्वियातेक से मात मिली थी। इस बार कोको गॉफ ने पिछली गलतियों से सीख लेते हुए खिताब को अपने नाम करने में कामयाब रही। आर्यना सबालेंका के खिलाफ उनका ये मुकाबला करीब 2 घंटे 38 मिनट तक चला जिसमें पहले सेट में कोको गॉफ को हार का सामना करना पड़ा था जो टाई ब्रेकर में जाने के बाद आर्यना सबालेंका ने 7-6 से उसे जीता था।
अगले 2 सेट में कोको गॉफ ने लगातार बनाए रखा अपना दबदबा और जीता खिताब
पहला सेट गंवाने के बाद कोको गॉफ ने दूसरे सेट में शानदार वापसी की और पूरी तरह से आर्यना सबालेंका पर दबाव बनाकर रखा। कोको गॉफ ने दूसरा सेट 6-2 से जीतने के साथ इस मुकाबले को 1-1 की बराबरी पर ला दिया। वहीं तीसरे सेट में आर्यना सबालेंका ने वापसी की कोशिश की लेकिन कोको गॉफ ने इस सेट को 6-4 से जीतने के साथ खिताब अपने नाम कर लिया। कोको ने जब ये खिताब जीता तो वह खुशी से फ्लॉर पर लेट गई और उन्होंने इस जीत का जश्न मनाया। कोको गॉफ ने इससे पहले 18 साल की उम्र में साल 2023 में यूएस ओपन खिताब अपने नाम किया था।








