
बेंगलुरु में हाल ही में मची भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई थी और बड़ी संख्या में लोग घायल हुए थे। अब इस मामले पर पहली बार राहुल द्रविड़ का बयान सामने आया है।
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के IPL जीतने के बाद बेंगलुरु में समारोह के वक्त चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ को लेकर लगातार हंगामा जारी है। बता दें कि इस घटना में 11 लोगों की मौत हो गई थी और 56 घायल हो गए थे। भाजपा और अन्य विपक्षी दलों ने कर्नाटक की कांग्रेस सरकार पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए निशाना साधा है। तो वहीं, इस घटना पर देश की तमाम हस्तियों ने भी दुख जाहिर किया है। वहीं, अब पूर्व क्रिकेटर राहुल द्रविड़ में बेंगलुरु में भगदड़ की घटना को लेकर अपना बयान जारी किया है। आइए जानते हैं कि राहुल ने इस मामले पर क्या कुछ कहा।
भगदड़ पर क्या बोले राहुल द्रविड़?
भारत के पूर्व क्रिकेटर राहुल द्रविड़ बेंगलुरु में हुई भगदड़ में जान गंवाने वालों के लिए दुख जाहिर किया है। राहुल ने इस हादसे को दुर्भाग्यपूर्ण और दुखद करार दिया है। राहुल ने कहा- “यह काफी निराशाजनक है, बहुत दुखद, मेरी संवेदनायें उन लोगों के साथ हैं। बेंगलुरु की खेल संस्कृति को देखते हुए ये हादसा और भी दर्दनाक है। बेंगलुरु खेलों का शौकीन शहर है। मैं भी इसी शहर से हूं।
RCB को लेकर क्या बोले द्रविड़?
बेंगलुरु में भगदड़ की घटना को लेकर राहुल द्रविड़ ने कहा- “बेंगलुरु के लोग सिर्फ क्रिकेट ही नहीं बल्कि हर खेल को पसंद करते हैं और टीमों को फॉलो करते हैं। आरसीबी के फैन्स काफी बड़ी संख्या में हैं। ये हादसा काफी दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। इस हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों और घायलों के प्रति हमारी संवेदना है।’’
RCB के मार्केटिंग प्रमुख को राहत नहीं
आपको बता दें कि चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास भगदड़ की घटना को लेकर लगातार कार्रवाई जारी है। अब तक पुलिस कमिश्नर समेत कई अधिकारियों को सस्पेंड किया गया है। इसके अलावा कई लोगों की गिरफ्तारी भी हुई है जिनमें RCB के मार्केटिंग प्रमुख निखिल सोसले भी शामिल हैं। कर्नाटक हाई कोर्ट ने मंगलवार को इस मामले में निखिल सोसले को कोई भी अंतरिम राहत देने से इनकार कर दिया है। कोर्ट ने अपना आदेश 11 जून तक के लिए सुरक्षित रख लिया है।








