केन्या में हुआ सड़क हादसा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

केन्या में हुआ सड़क हादसा
केन्या में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 5 भारतीयों की मौत हो गई है। हादसा उस वक्त हुआ जब पर्यटकों से भरी बस खाई में जा गिरी। सड़क हादसे में 27 लोग घायल भी हुए हैं।

केन्या में एक बस के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से कम से कम 5 भारतीय नागरिकों की मौत हो गई है। ये लोग कतर में रह रहे थे और छुट्टियां मनाने के लिए केन्या गए थे। हादसे की जानकारी दोहा स्थित भारतीय दूतावास ने दी है। दूतावास ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘कतर से 28 भारतीयों का एक समूह केन्या की यात्रा पर था, जहां बस दुर्भाग्यपूर्ण रूप दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें वो सफर कर रहे थे।’’  नैरोबी में भारतीय उच्चायोग के अधिकारी मौके पर हैं और हरसंभव मदद मुहैया करा रहे हैं।

भारतीय उच्चायोग कर रहा हरसंभव मदद

नैरोबी स्थित भारतीय उच्चायोग ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘हम न्यांदरुआ काउंटी में ओल जोरोरोक-नाकुरु रोड पर हुए दुखद सड़क हादसे से बहुत दुखी हैं, जिसमें 5 भारतीय नागरिकों की जान चली गई।’ उच्चायोग ने कहा, ‘‘शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना। हम घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं। उच्चायोग की काउंसलर टीम मौके पर है और सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ निकट संपर्क में है।”

खाई में गिर गई बस

‘द गल्फ टाइम्स’ अखबार ने बताया कि जिस बस में भारतीय पर्यटक यात्रा कर रहे थे वह नियंत्रण से बाहर हो गई और उत्तरपूर्वी काउंटी न्यांदरुआ में एक खाई में गिर गई। अखबार ने सामुदायिक सूत्रों के हवाले से कहा कि दुर्घटना में दक्षिण भारत के कम से कम 5 पर्यटकों की मौत हो गई है। मृतकों की पहचान अभी तक सत्यापित नहीं हो पाई है, जबकि 27 लोग घायल हैं। घायलों को केन्या के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

Red Max Media
Author: Red Max Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें