
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव की शैक्षिक पृष्ठभूमि की आलोचना करते हुए प्रशात किशोर ने कहा एक 9वीं फेल बिहार के विकास का रास्ता दिखा रहा है। वह (तेजस्वी यादव) जीडीपी और जीडीपी ग्रोथ के बीच अंतर नहीं जानते हैं और वे बताएंगे कि बिहार कैसे सुधार करेगा? तेजस्वी की समझ पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा वो 10 दिन ट्यूशन लेकर भी समाजवाद पर नहीं बोल सकते हैं।
जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर (Prashant Kishor) इन दिनों बिहार के विभिन्न जिलों का दौरा कर रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार को आरा पहुंचे प्रशांत किशोर ने मुख्यमंत्री विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) पर निशाना साधा।
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव की शैक्षिक पृष्ठभूमि की आलोचना करते हुए प्रशात किशोर ने कहा, “एक 9वीं फेल बिहार के विकास का रास्ता दिखा रहा है। वह (तेजस्वी यादव) जीडीपी और जीडीपी ग्रोथ के बीच अंतर नहीं जानते हैं और वे बताएंगे कि बिहार कैसे सुधार करेगा?”
“समाजवाद की परिभाषा तक नहीं बता सकते”
उन्होंने कहा कि वो समाजवाद की परिभाषा तक नहीं बता सकते हैं। तेजस्वी यादव को मैं खुली चुनौती दे रहा हूं कि वो समाजवाद पर बिना कागज देखे 5 मिनट नहीं बोल सकते हैं। समाजवाद है क्या, वो सिर्फ यही बता दें, अगर वो बता देंगे तो हम उनको नेता मान लेंगे। वो दस दिन कोचिंग, ट्यूशन करके आएं और फिर बताएं कि समाजवाद क्या है। उन्होंने कहा कि बिहार में पिछले 30 साल में शर्ट के ऊपर गंजी पहनने वालों को नेता बना दिया गया। उनको न विषय का ज्ञान है और न भाषा का ज्ञान है। मैं यह नहीं मानता हूं कि डिग्री हासिल करने के बाद कोई व्यक्ति समझदार हो जाता है। हर घर में ऐसे लोग हैं जो पढ़े-लिखे नहीं हैं, लेकिन बहुत समझदार हैं।
“40 सीटों पर महिला उम्मीदवारों को टिकट”
जनसुराज पार्टी के संस्थापक और चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। इनमें से 40 विधानसभा सीटों पर महिला उम्मीदवारों को टिकट देने की बात कही है। बीते दिनों प्रशांत किशोर ने कहा था कि जनसुराज पार्टी 2025 विधानसभा चुनाव में महिलाओं को कम से कम 40 सीटों पर चुनाव लड़ाएगी। इसके बाद अगर अगले पांच साल और मौका मिला तो 2030 के विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी 70 से 80 सीटों पर महिला उम्मीदवार उतारेगी। हमारी पार्टी ने महिलाओं को प्रशिक्षित करके उन्हें नेता बनाने का अभियान शुरू किया है। महिलाओं को सही मायने में नेता बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
सरकार बनी तो क्या करेंगे PK? बताया
उन्होंने आगे कहा था कि 2025 में जब बिहार में जनसुराज पार्टी की सरकार बनेगी, तब सालभर के अंदर राज्य के किसी भी बेटे को मजबूरी में 10-12 हजार की नौकरी के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। हमने इसके लिए पूरी योजना बना ली है। मैं बिहार की जनता से अपील करता हूं कि अगली बार ध्यान से वोट करें। किसी नेता या उनके बेटे को देखकर नहीं, बल्कि अपने बच्चों के भविष्य के लिए मतदान करें।








