असम में बांग्लादेश से सटे इलाकों में सांप्रदायिक तनाव

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

उपद्रवियों को देखते ही गोली मारने के आदेश
असम के सीएम ने कहा कि हम समुदाय के एक वर्ग को इस तरह की गड़बड़ी करने की अनुमति नहीं दे सकते। हमारी सरकार इसे बर्दाश्त नहीं करेगी और धुबरी को हमारे हाथों से जाने नहीं देगी।

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बांग्लादेश से सटे धुबरी जिले में सांप्रदायिक तनाव को रोकने के लिए उपद्रवियों को देखते ही गोली मारने का आदेश दिया है। हिंसा प्रभावित इलाकों का दौरान करने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि मंदिर में गोमांस फेंकने की घटना कभी नहीं होनी चाहिए थी। इसमें शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश की सीमा से लगे धुबरी जिले में रात में देखते ही गोली मारने के आदेश लागू होंगे।

गोमांस मिलने के बाद बढ़ गया तनाव

हिमंत बिस्वा सरमा ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “मैंने धुबरी का दौरा किया और अधिकारियों को मंदिरों और पवित्र स्थानों को अपवित्र करने वाले तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आदेश दिया है। धुबरी कस्बे में रविवार को एक मंदिर के पास मांस के टुकड़े मिलने के बाद लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया था। इसके बाद इलाके में तनाव बढ़ गया।

उपद्रवियों से सख्ती से निपटने के आदेश

मुख्यमंत्री ने स्थिति की समीक्षा के लिए शुक्रवार को धुबरी का दौरा किया। उन्होंने कहा कि पत्थरबाजी की घटना में संलिप्त व्यक्ति को गिरफ्तार किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिले में  आरएएफ और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों को तैनात किया जाएगा और धुबरी में सभी अपराधियों को गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने कानून अपने हाथ में लिये हैं, उनके साथ सख्ती से निपटा जाएगा।

इलाके में क्यों फैली है अशांति

सीएम ने कहा कि पिछले एक सप्ताह से धुबरी में कानून-व्यवस्था की स्थिति चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। उन्होंने कहा कि बकरीद के अगले दिन सात जून को धुबरी जिला मुख्यालय में हनुमान मंदिर के सामने एक गाय का सिर मिला था, जिसके बाद हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदाय के लोगों ने शांति और सद्भाव की अपील की थी। शर्मा ने बताया कि हालांकि अगले दिन फिर से मंदिर के सामने गाय का सिर रखा गया और रात में पत्थरबाजी की गई। उन्होंने बताया कि बकरीद से एक दिन पहले ‘नबीन बांग्ला’ नामक संगठन ने ‘भड़काऊ पोस्टर’ चिपकाए थे, जिनमें धुबरी को बांग्लादेश में शामिल करने की मंशा जाहिर की गई थी।

अपराधियों से सख्ती से निपटे पुलिसः सीएम

मुख्यमंत्री ने कहा कि धुबरी में अशांति फैलाने के लिए एक सांप्रदायिक समूह सक्रिय हो गया है और इसके बारे में पता चलने के बाद मैं धुबरी आया हूं और जिले में रात में देखते ही गोली मारने के आदेश लागू रहेंगे। शर्मा ने कहा कि पहले बकरीद पर लोगों का एक वर्ग ‘बीफ’ खाता था, लेकिन इस बार पश्चिम बंगाल से हजारों मवेशी लाए गए हैं और धुबरी में एक ‘‘नया बीफ माफिया’’उभरा है, जिसने त्योहार से ठीक पहले हजारों जानवरों की खरीद की है। उन्होंने कहा, ‘‘यह बात मेरी जानकारी में आई है और मैंने इसकी जांच के आदेश दे दिए हैं। मैंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे उन लोगों को गिरफ्तार करें, जिन्होंने यह मवेशी व्यापार शुरू किया है।

Red Max Media
Author: Red Max Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें