
अमेठी में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ। दिल्ली से समस्तीपुर बिहार जा रही एक एम्बुलेंस मछली से लदे एक पिकअप वाहन से टकरा गई जिससे एम्बुलेंस के दो चालकों समेत पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। एक घायल को अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रविवार सुबह साढ़े पांच बजे पूर्वांचल एक्सप्रेस वे होकर दिल्ली से समस्तीपुर बिहार शव लेकर एक एम्बुलेंस जा रही थी जो क्षेत्र के सेवरा किमी 59.700 पर आगे चल रही एक मछली लदे पिकप वाहन से टकरा गई।
दुर्घटना में एम्बुलेंस के दो चालकों समेत पांच लोगों की मौत हो गई। शंभू राय निवासी पुरनाही थाना वारिसनगर समस्तीपुर बुरी तरह घायल हैं, जिन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। एम्बुलेंस पर राज कुमार उर्फ सतीश शर्मा अपने पिता अशोक कुमार शर्मा का शव लेकर दिल्ली से समस्तीपुर विहार जा रहे थे।
रास्ते में उसके परिवार के कुछ लोग फरीदाबाद से और बैठ गए। पूर्वांचल एक्सप्रेस पर एम्बुलेंस क्षेत्र के किमी 59.700 स्थित सेवरा के पास पहुंची थी कि ड्राइवर को झपकी आने से वह अनियंत्रित होकर आगे चल रही मछली लदे पिकप वाहन से टकरा गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि एम्बुलेंस के दोनों चालक सरफराज निवासी नल्हर थाना मेवात हरियाणा व आविद निवासी फिरोजपुर थाना नूह हरियाणा व उस पर बैठे फूलो शर्मा निवासी रवी टोल थाना हठौड़ी विवेक उर्फ रवी निवासी रामभद्र थाना कल्यान जिला समस्तीपुर और राजकुमार उर्फ सतीश शर्मा निवासी रामभद्र कल्यान, समस्तीपुर बिहार की दर्दनाक मौत हो गई।
यूपीडा व स्थानीय पुलिस की मदद से सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां पांच को मृत घोषित कर चिकित्सक ने एक घायल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
Author: Red Max Media
Post Views: 64








