
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है। PM मोदी ने इस घटना को लेकर CM फडणवीस से बात की है।
महाराष्ट्र के पुणे में रविवार को इंद्रायणी नदी पर बना एक पुल अचानक से गिर गया। इस हादसे में 35 से 40 लोगों के बहने की खबर सामने आई है और 4 लोगों की मौत हो गई है। 38 लोगों को रेस्क्यू किया गया है। इस घटना के बाद राज्य के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है।
कितना मुआवजा मिलेगा? सीएम ने बताया
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घोषणा की है कि राज्य सरकार पुणे जिले के तालेगांव के पास इंद्रायणी नदी पर पुल ढहने की घटना में मारे गए लोगों के परिवारों को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देगी। इसके अलावा, राज्य सरकार घायलों के इलाज का खर्च भी उठाएगी।

पीएम मोदी ने की सीएम फडणवीस से बात
पुणे में पुल हादसे की घटना के बाद पीएम मोदी ने सीएम फडणवीस से बात की है। गौरतलब है कि पीएम मोदी इस समय भारत में नहीं हैं। वह इस समय साइप्रस में हैं। पीएम ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से बात की। सीएम ने उन्हें प्रभावित लोगों की सहायता के लिए चल रहे प्रयासों के बारे में जानकारी दी गई।
क्या है पूरा मामला; कैसे हुआ हादसा?
पुणे के मावल में कुंड माल में ये हादसा हुआ। दरअसल ये लोहे का पुल पहले से जर्जर स्थिति में था। लेकिन इस पर 100 से ज्यादा लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ लोग बाइक लेकर भी पुल के ऊपर आ गए। इतने लोगों का भार पुल सह नहीं सका और टूट गया।
ये घटना रविवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे की है। पुल ओवरलोड होने की वजह से ये हादसा हुआ है। NDRF और अन्य टीमें मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई हैं। डिप्टी सीएम अजित पवार ने कलेक्टर से इस घटना की रिपोर्ट मांगी है। अजित पवार ने कहा, ‘मुझे घटना की जानकारी मिल गई है, एनडीआरएफ की टीम और पुणे नगर निगम की टीमें और अन्य लोग मौके पर पहुंच गए हैं। प्रथम दृष्टया यह पता चला है कि यह जंग लगा हुआ लोहे का पुल था जिस पर बाइक से लोग नदी पार कर रहे थे, वहां 8 करोड़ की लागत से एक और पुल पहले से ही स्वीकृत था। मैंने कलेक्टर से बात की है और उनसे विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।’








